राणापुर/नावेद रजा/खबर डिजिटल/बांग्लादेश में हिन्दूओ पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में रविवार को नगर में सर्व हिंदू समाज एवं करणी सेना परिवार के तत्वावधान में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बांग्लादेश के प्रधानमंत्री मोहम्मद युनुस का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम पुराना बस स्टैंड स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समीप आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में सर्व हिंदू समाज, करणी सेना, ब्राह्मण समाज सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए बांग्लादेश सरकार के खिलाफ रोष जताया।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के निखिल पांड्या ने कहा कि बांग्लादेश के गठन के समय वहां हिंदू समाज की आबादी लगभग 17 प्रतिशत थी, जो वर्तमान में घटकर करीब 3 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने कहा कि वहां लगातार हिंदू समाज के लोगों पर हमले हो रहे हैं, महिलाओं की अस्मिता से खिलवाड़ किया जा रहा है तथा घरों को जलाया जा रहा है। हाल ही में एक घटना में दलित समाज के एक युवक की निर्मम हत्या किए जाने की बात सामने आई है।
पांड्या ने कहा कि इन घटनाओं से पूरे देश के हिंदू समाज में गहरा आक्रोश है और अब हिंदू समाज ऐसे अत्याचारों को और सहन नहीं करेगा।
वहीं करणी सेना के जिला उपाध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह परिहार (भय्यु ठाकुर) ने कहा कि हिंदुओं, ओबीसी और दलित समाज पर हो रहे अत्याचारों को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन एक चेतावनी है कि भारत का हिंदू समाज जाग चुका है और अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाएगा।


