सागर/हर्षित पाण्डेय/खबर डिजिटल/ शहर के विभिन्न भवनों की छतों सहित यहां-वहां लगे अवैध होर्डिंग्स हटाने और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में नगर निगम आयुक्त सह कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड राजकुमार खत्री ने सोमवार को मोतीनगर चौराहा स्थित अवैध अतिक्रमण हटवाए। उन्होंने मोतीनगर चौराहे के एक कॉर्नर पर स्थित पंकज राजा अग्रवाल मार्केट की छत पर लगे अवैध होर्डिंग कटवाने के साथ ही मार्केट की सभी दुकानों के टीनशेड बौछारी आदि हटवाएं। दुकानों के सामने सड़क पर रखी अतिक्रमण सामग्री को जब्त किया गया।
अतिक्रमण रिमूवल कार्रवाई रहेगी जारी
निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि शहर के विभिन्न भवनों की छतों सहित यहां-वहां लगे अवैध होर्डिंग्स हटाने और शहर का अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सागर शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए बुनियादी ढांचे में विकास के प्रयास लगातार किये जा रहे हैं। सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। चौराहों का सुंदर विकास किया जा रहा है, विभिन्न ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उन्हें प्लेस मेकिंग कर आकर्षक स्थलों के रूप में विकसित किया जा रहा है। अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है, इसीलिये रिमूवल कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत मोतीनगर चौराहा से संविधान चौक धर्मश्री सड़कमार्ग के चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण कर यातायात सुगम बनाने में बाधक बन रहे, अन्य अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित कराई।
मार्ग पर सुगम यातायात की कवायद
मोतीनगर चौराहे से धर्मश्री की ओर जाने वाले मार्ग पर अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही विगत 3-4 दिन से की गई। शहर की यातायात समस्या और ट्रैफिक जाम की स्थिति को समाप्त करने के लिए यह कार्रवाई सड़क चौड़ीकरण हेतु पर्याप्त जगह की उपलब्धता तक जारी रहेगी। मोतीनगर चौराहा शहर का एक बड़ा चौराहा है। मोतीनगर से धर्मश्री मार्ग व मोतीनगर से रामबाग मंदिर मार्ग के जुड़ाव क्षेत्रों को पर्याप्त चौड़ाई के साथ लेफ्टटर्न सहित सुव्यवस्थित बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मोतीनगर चौराहे से धर्मश्री तक पर्याप्त चौड़ी व सुव्यवस्थित सड़क का निर्माण होने से नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी स्थानीय रहवासियों को भी सुगम आवागमन का फायदा पहुंचेगा। चौराहे का आकर्षक भव्य स्वरूप देखने मिलेगा चौराहे पर वाहनों का आवागमन सुगम होगा। चौड़ी सड़कें शहर के विकास में महत्वपूर्ण है। राजधानी भोपाल से आने वालों के लिए शहर में प्रवेश द्वार यह मोतीनगर चौराहा अपने नए स्वरूप में प्रभावित करेगा।


