आलीराजपुर/संजय वाणी/खबर डिजिटल/ पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह के निर्देशन में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ जारी अभियान के तहत कटिठवाड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 82 पेटी बीयर (984 लीटर) और महिंद्रा मैक्स वाहन (क्रमांक GJ0BB4283) सहित कुल 7.26 लाख की जब्ती की है।
पुलिस ने दी जानकारी
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि कलमाडा जंगल से गुजरात की ओर वाहन के माध्यम से अवैध शराब ले जाई जा रही है। इस पर थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश सोलंकी के नेतृत्व में टीम ने सघन वाहन जांच की। जांच के दौरान वाहन को रोका गया, जिसमें बीयर की पेटियां बरामद हुईं। वाहन में सवार कना पिता मगन मैडा और भावसिंह पिता रेशला बामनिया से जब शराब के लाइसेंस के संबंध में पूछताछ की गई तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धारा 34(2), 46 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह के निर्देश
एसपी रघुवंश सिंह ने बताया कि जिले में एक सप्ताह से चल रहे अभियान के तहत अब तक 11 बड़े प्रकरणों में 20,963 लीटर अवैध शराब (कीमत 1.27 करोड़) और 6 वाहन (कीमत 54 लाख) जब्त किए गए हैं। कुल मिलाकर अब तक 1.82 करोड़ की जप्ती की जा चुकी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश सोलंकी, सउनि यशवतं पाटीदार, सउनि हिमचंद निनामा, प्रआर चंदरसिंह, प्रआर पारस आर रणजीत, आर विकास, आर अनिल, आर आशीष एवं आर जितेन्द्र का सराहनीय योगदान रहा।


