आलीराजपुर/संजय वाणी/खबर डिजिटल/ पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह के निर्देशन में चल रहे अवैध शराब विरोधी अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ट्रक क्रमांक RJ09GD7262 से 1450 पेटियां व्हिस्की करीब 13,050 लीटर बरामद की हैं, जिसकी कुल कीमत लगभग 1.17 करोड़ आंकी गई है।
पुलिस ने दी जानकारी
जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में बड़ी मात्रा में अवैध शराब आम्बुआ रोड से आलीराजपुर की ओर आ रहा है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। वाहन को जब्त कर तलाशी लेने पर शराब की पेटियां मिलीं। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस ने मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 46 के तहत अपराध दर्ज किया है। अब ट्रक चालक और तस्करी गिरोह की तलाश की जा रही है।
जारी रहेगा अभियान
एसपी रघुवंश सिंह ने बताया कि एक सप्ताह में जिले में कुल 10 बड़े प्रकरणों में 19,979 लीटर अवैध शराब और 5 वाहन जब्त किए जा चुके हैं। अब तक कुल 1.74 करोड़ की जब्ती की जा चुकी है। पुलिस ने साफ किया कि अवैध शराब तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनू सिटोले उप निरीक्षक सुनिल रंदे, जयराम वसुनिया, सहायक उप निरीक्षक अरुण राठौर, रणजीत सिंह सोलंकी, लक्ष्मण देवड़ा, रामकुमार यादव, प्रधान आरक्षक प्रताप, बदेसिंह, रविंद्र, तेलसिंह, आरक्षक हनुमंत, गंगाराम, सुमित, गजेन्द्र, प्रकाश, जितेन्द्र, अमरसिंह, संतोष, सुरत, प्रकाश का सराहनीय योगदान रहा।


