सौरभ श्रीवास्तव/खबर डिजिटल/कटनी – दीपावली त्योहार को ध्यान में रखते हुए मिठाई की दुकानों में साफ-सुथरी एवं गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां, नमकीन और अन्य खाद्य सामग्री की बिक्री सुनिश्चित करने हेतु कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर गठित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने बुधवार को तहसीलदार श्री आशीष अग्रवाल के नेतृत्व में सुभाष चौक स्थित खोवा मंडी की दुकानों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान गुप्ता खोवा कमीशन एजेंट की दुकान पर विक्रय हो रहे खोवा की प्रारंभिक जांच में गुणवत्ता सही पाई गई। किंतु दुकान में रखे मिल्क केक एवं दूध बर्फी में मिलावट की आशंका होने पर उनके नमूने जांच हेतु लिए गए। साथ ही लगभग 50 मिठाई के डिब्बों पर पैकिंग डेट और एक्सपायरी डेट अंकित नहीं होने पर रिपोर्ट आने तक उनके विक्रय पर रोक लगाई गई है।
इसी प्रकार विजय खोवा भंडार की दुकान से डोडा बर्फी और मिल्क केक के नमूने जांच हेतु लिए गए तथा लगभग 70 मिठाई के डिब्बों में लेबल घोषणा नहीं होने पर उनके विक्रय पर भी रिपोर्ट प्राप्त होने तक रोक लगाई गई है।इसके अलावा विजयराघवगढ़ तहसीलदार के नेतृत्व में क्षेत्र की मिठाई दुकानों — बीकानेर मिष्ठान भंडार, कुंडा स्वीट, छेना स्वीट, प्रहलाद स्वीट से खोवा, अनिल स्वीट से खोवा एवं पेड़ा, तथा शिवाय स्वीट से सोनपापड़ी और नमकीन के नमूने जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं।


