सौरभ श्रीवास्तव/खबर डिजिटल/कटनी -शासन द्वारा निकाय में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की निगरानी को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एनआईसी द्वारा विकसित ‘एमपी अटेंडेंस पोर्टल’ पर ए.ई.बी.ए.एस. प्रणाली को अनिवार्य किया गया है। शासन निर्देशों के अनुपालन में नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारी पंजीकृत लोकेशन के अनुरूप प्रतिदिन अपनी उपस्थिति दर्ज करना सुनिश्चित करें।
उपस्थिति दर्ज करने में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को वेतन आहरण में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, यह निर्देश उपायुक्त श्री शैलेश गुप्ता ने बुधवार को आयोजित स्वास्थ्य विभाग की बैठक में दिए। बैठक में स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजय सोनी, सभी स्वच्छता निरीक्षक एवं वार्ड दरोगा उपस्थित रहे।उपायुक्त गुप्ता ने जानकारी दी कि नगर की सफाई व्यवस्था में संलग्न कर्मचारियों की सुविधा हेतु 5 से 6 लोकेशन निर्धारित की गई हैं।
सफाई कर्मी इन निर्धारित स्थानों से ही प्रातःकालीन एवं रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान उपस्थिति दर्ज करें। उन्होंने स्वच्छता निरीक्षकों और वार्ड दरोगाओं को इस प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग देने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या आने पर कर्मचारी स्वास्थ्य अधिकारी से संपर्क करें।
बैठक में प्रभारी ई-गवर्नेंस संदीप पाठक ने उपस्थित कर्मचारियों को ए.ई.बी.ए.एस. प्रणाली से जुड़ी तकनीकी जानकारी दी और उनकी शंकाओं का निराकरण किया।अंत में उपायुक्त गुप्ता ने आगामी पर्वों को दृष्टिगत रखते हुए नगर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा सीएम हेल्पलाइन की 50 एवं 100 दिवस की लंबित शिकायतों के त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण के निर्देश भी दिए।
