Guna farmer murder: गुना/ तेजसिंह यादव/ खबर डिजिटल। फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गणेशपुरा गांव में शनिवार को जमीनी विवाद के चलते एक किसान पर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि दबंगों ने किसान पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया और बाद में उस पर थार गाड़ी चढ़ा दी, जिससे किसान की हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाने के दौरान किसान की मौत हो गई।
बचाने आई बच्चियों से भी की मारपीट
घटना के दौरान जब किसान की दो बच्चियां बीच-बचाव करने पहुंचीं तो दबंगों ने उनके साथ भी बर्बरता की। परिजनों के अनुसार, दबंगों ने न केवल बच्चियों के साथ मारपीट की बल्कि उनके कपड़े भी फाड़ दिए। यह घटना गांव में अफरा-तफरी का कारण बनी।

गांव में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही फतेहगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक किसान के परिजनों का आरोप है कि जमीन को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था, जिसकी सूचना पुलिस को पहले भी दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मुख्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
किसान की हत्या के मामले में 1 आरोपी गिरफ्तार, 13 अब भी फरार
फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गणेशपुरा गांव की घटना
गणेशपुरा गांव में किसान की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि 13 आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश में चार विशेष टीमें गठित की हैं। इसके साथ ही टेक्निकल टीम भी सक्रिय होकर सुराग जुटा रही है। मुख्य आरोपी महेंद्र नागर के आपराधिक रिकॉर्ड ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। महेंद्र नागर के खिलाफ गुना जिले में चार और राजस्थान में एक आपराधिक प्रकरण दर्ज है। इनमें धारा 376 (दुष्कर्म) और मारपीट के मामले भी शामिल हैं।
घटना जमीनी विवाद से जुड़ी बताई जा रही है। विवाद के चलते आरोपियों ने किसान पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने थार गाड़ी और ट्रैक्टर से भी किसान पर हमला किया। हमले में गंभीर रूप से घायल किसान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि कुल 14 लोगों ने किसान पर हमला किया था। जब किसान की बेटियाँ बचाने के लिए आगे आईं, तो दबंगों ने उनके कपड़े फाड़े और उनके साथ भी मारपीट की। पुलिस के अनुसार, इस घटना में थार गाड़ी, ट्रैक्टर और हथियारों का उपयोग किया गया था। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी 13 की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। एसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीमें अलग-अलग संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


