गुना/तेज सिंह यादव/राघौगढ़/ निवासी एक महिला की उपचार में कथित लापरवाही के चलते हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना के विरोध में पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह ने मृतक महिला के परिजनों के साथ मिलकर सांडा कॉलोनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया।
परिजनों का आरोप
परिजनों का आरोप है कि महिला को समय पर इलाज नहीं मिल पाया। अस्पताल में डॉक्टर की मौजूदगी नहीं थी और उपचार में देरी के कारण महिला की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि यदि समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल जाती तो महिला की जान बचाई जा सकती थी।
लक्ष्मण सिंह ने उठाए सवाल
धरना प्रदर्शन के दौरान पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अस्पताल में डॉक्टर और आवश्यक संसाधनों की कमी गंभीर विषय है। उन्होंने इस घटना को स्वास्थ्य तंत्र की लापरवाही का परिणाम बताया।
राघौगढ़ तहसीलदार को दिया ज्ञापन
पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह ने राघौगढ़ तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई करने, अस्पताल में चिकित्सकों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने की मांग की। धरना प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, लेकिन इस घटना ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।


