P?c1=2&c2=41463588&cv=3.9
Friday, April 17, 2026
No menu items!
spot_img
Homeमध्यप्रदेशDindori News : अमरकंटक से प्रतिज्ञा प्रहलाद सिंह पटेल की ढाई वर्षीय...

Dindori News : अमरकंटक से प्रतिज्ञा प्रहलाद सिंह पटेल की ढाई वर्षीय परिक्रमा… नर्मदा संरक्षण का अनूठा संकल्प

7 किलोमीटर लंबी पेंटिंग से जगाएंगी चेतना

डिंडोरी/शैलेश नामदेव/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश की जीवनरेखा नर्मदा के संरक्षण और आत्मिक साधना के संकल्प के साथ पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल की पुत्री प्रतिज्ञा सिंह पटेल ने 15 दिसंबर से नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक से नर्मदा परिक्रमा का शुभारंभ किया। यह परिक्रमा केवल धार्मिक आस्था की यात्रा नहीं, बल्कि अनुशासन, साधना, सेवा और पर्यावरण जागरूकता का जीवंत उदाहरण होगी, जो परंपरागत नर्मदा परिक्रमा से अलग पहचान बनाएगी। करीब ढाई वर्षों तक चलने वाली इस कठिन आध्यात्मिक यात्रा का श्रीगणेश विधिवत पूजन-अर्चन के साथ अमरकंटक से किया गया। प्रतिज्ञा सिंह पटेल की इस यात्रा में सादगीपूर्ण जीवन, आत्मानुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी को विशेष महत्व दिया गया है।

परिवार और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुआ शुभारंभ
नर्मदा परिक्रमा के शुभारंभ अवसर पर पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल, विधायक जालम सिंह, परिवार के अन्य सदस्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने प्रतिज्ञा के संकल्प को नमन करते हुए नर्मदा मैया से उनकी यात्रा के निर्विघ्न पूर्ण होने की कामना की। इस अवसर पर प्रतिज्ञा सिंह पटेल ने कहा कि उनकी परिक्रमा का उद्देश्य केवल आध्यात्मिक साधना तक सीमित नहीं है, बल्कि नर्मदा नदी को प्रदूषण से मुक्त रखने के लिए जन-जागरूकता फैलाना भी है। इसी उद्देश्य से वे अपनी यात्रा के दौरान कला को माध्यम बनाकर संदेश देंगी।

7 हजार मीटर की ऐतिहासिक ऑयल पेंटिंग का संकल्प
प्रतिज्ञा सिंह पटेल ने जानकारी दी कि वे नर्मदा परिक्रमा के दौरान ऑयल पेंटिंग के माध्यम से 7 हजार मीटर (7 किलोमीटर) लंबे कैनवास पर चित्रांकन करेंगी। वर्तमान में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में 5300 मीटर की पेंटिंग दर्ज है, जिसे वे पीछे छोड़ने का संकल्प लेकर चल रही हैं। उन्होंने कहा, “लोग नर्मदा मैया को आस्था के भाव से पूजते हैं, लेकिन उसी आस्था को जिम्मेदारी में बदलना जरूरी है। नर्मदा केवल पूजा की वस्तु नहीं, बल्कि जीवनदायिनी मां हैं, जिन्हें स्वच्छ और सुरक्षित रखना हम सबका कर्तव्य है।”

पिता का आशीर्वाद और भावुक संदेश
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि वे परिवार सहित बेटी प्रतिज्ञा को आशीर्वाद देने अमरकंटक आए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रतिज्ञा का यह संकल्प न केवल सफल होगा, बल्कि समाज में नर्मदा संरक्षण को लेकर एक नई चेतना का संचार करेगा।

खबर डिजिटल परिवार की शुभकामनाएं
खबर डिजिटल परिवार प्रतिज्ञा सिंह पटेल के इस महान संकल्प के सफल और निर्विघ्न पूर्ण होने की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित करता है। हमें विश्वास है कि यह आध्यात्मिक और रचनात्मक यात्रा पतित पावन नर्मदा मैया के संरक्षण, संवर्धन और स्वच्छता अभियान को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करेगी।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

लेटेस्ट