इंदौर/नरेंद्र महावर/खबर डिजिटल/ एमवाय अस्पताल प्रबंधन लगातार अपनी लापरवाही के लिए प्रसिद्ध होता जा रहा है, अबकी बार एक ओर अनोखा कारनामा हो गया, जब अस्पताल की चौथी मंजिल से एक कैदी फरार हो गया, वो बाकायदा मचान से उतरा और भाग गया, लेकिन इसकी खबर किसी को नहीं लगी। जानकारी के मुताबिक, अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्य के लिए लगाई मचान के सहारे वो उतरा, और रफूचक्कर हो गया। जब जेल गार्ड ने उसे बेड पर नहीं पाया, तो उसने अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद संयोगितागंज थाना पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। फरार कैदी हत्या के मामले में जेल में बंद था।
पुलिस को दी गई सूचना
संयोगितागंज पुलिस ने बताया है कि कैदी का नाम विशाल पुत्र खरदे, निवासी कुलकर्णी का भट्टा है। बीमार होने के चलते उसे एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जोकि वार्ड क्रमांक 23 में एडमिट था। वहीं शुक्रवार को जब पुलिस गार्ड निजी काम से बाहर गया तो वो वार्ड से बाहर आकर निर्माण कार्य के लिए लगी मचान से सहारे फरार हो गया।
बाणगंगा इलाके में की थी हत्या
जानकारी के अनुसार विशाल ने 2023 में बाणगंगा क्षेत्र में अपने साथियों के साथ एक युवक की हत्या की वारदात को अंजाम दिया था, जिसके बाद से वो जेल में था। वहीं अब फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम जुटी है।


