नसीम अली/रायसेन/खबर डिजिटल/ रायसेन जिले में 6 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी सलमान का देर रात 1 बजे के लगभग भोजपुर थाना क्षेत्र के कीरत नगर के पास पुलिस से शॉर्ट एनकाउंटर हो गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी को भोपाल के गांधी नगर इलाके में एक चाय की दुकान से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद गांधी नगर पुलिस ने उसे गौहरगंज थाने के हवाले कर दिया।
टायर पंचर होने पर भागने लगा था सलमान
गोहरगंज ले जाते समय भोजपुर के पास पुलिस वाहन का टायर पंचर हो गया। दूसरी गाड़ी में बैठाने के दौरान आरोपी सलमान ने पुलिसकर्मी श्यामराज सिंह की बंदूक छीनकर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। अपने बचाव में पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी, जिसमें सलमान के पैर में गोली लगी। घायल सलमान को तत्काल भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि घटना की पूरे तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
गोली लगने से दर्द का हो रहा अहसास
सूत्रों के मुताबिक शॉर्ट एनकाउंटर में गोली लगने के बाद रेप के आरोपी सलमान को अब दर्द का अहसास हुआ है, जबकि उसने मासूम को कितना बड़ा दर्द दिया था, गोली लगने के बाद अब वो जमकर कराह रहा है, वहीं आसपास वाले लोग उसको कहते दिखाई दे रहे हैं कि अब पता चला कि दर्द क्या होता है, जो तूने उस मासूम को दिया है। साथ ही लोग सलमान को सजा ए मौत देने की मांग कर रहे हैं।


