जबलपुर/मनीष तिवारी/खबर डिजिटल/ जिले के पाटन में किसानों का बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकालते हुए अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। इस रैली में पाटन सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ शामिल हुए।
किसानों ने दी जानकारी
किसानों का कहना है कि उन्हें समय पर यूरिया और खाद उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, जिससे फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इसके साथ ही बिजली आपूर्ति को लेकर भी किसानों ने नाराजगी जताई। किसानों का आरोप है कि बिजली रात के समय दी जा रही है, जिससे सिंचाई में परेशानी हो रही है और किसानों को जागकर खेतों में काम करना पड़ता है।
भारतीय किसान संघ का आह्वान
भारतीय किसान संघ के आह्वान पर जबलपुर जिले और आसपास के इलाकों से हजारों किसान पाटन पहुंचे, जहां उन्होंने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन और आंदोलन किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने शासन-प्रशासन से मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की गुहार लगाई।
प्रशासन रहा पूरी तरह अलर्ट
किसान आंदोलन को देखते हुए प्रशासन पहले से पूरी तरह अलर्ट था। सुरक्षा व्यवस्था के तहत जबलपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से अतिरिक्त पुलिस बल पाटन में तैनात किया गया था। मौके पर मौजूद पाटन एसडीएम ने बताया कि किसानों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया है और उनकी सभी मांगों को वरिष्ठ अधिकारियों तक भेजा जाएगा, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
