झाबुआ, नावेद रजा/खबर डिजीटल/ शहर की खाद्य सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। रोज़ाना नाश्ते में इस्तेमाल होने वाला ब्रेड लोगों की थाली तक सड़ा और फफूंद से भरा पहुंच रहा था। शिकायत मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम हरकत में आई और दो दुकानों पर छापा मारकर खराब ब्रेड जब्त किया। घटना सामने आते ही शहरवासियों में आक्रोश फैल गया। लोगों का कहना है – “हम अपने बच्चों को जो नाश्ता देते हैं, अगर वही जहरीला निकला तो जिम्मेदार कौन?” आमजन ने दोषी दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।
डॉक्टरों की चेतावनी – खतरे की घंटी
स्थानीय डॉक्टरों ने चेताया कि फफूंद से भरा ब्रेड खाने से फूड प्वाइजनिंग, उल्टी-दस्त, पेट में संक्रमण जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह और भी खतरनाक है।
जांच रिपोर्ट पर सबकी नजर
जिला खाद्य अधिकारी राहुल अलावा ने बताया, “दो दुकानों से खराब ब्रेड जब्त कर सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।” अब सवाल ये है – क्या हमारी रसोई तक पहुंचने वाला खाना सुरक्षित है? जांच रिपोर्ट का इंतजार है, लेकिन लापरवाही साबित हुई तो जिम्मेदारों पर गाज गिरना तय है।


