भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर दतिया विधानसभा उपचुनाव के जनादेश को पूरे प्रदेश की जनता की भावनाओं का प्रतिबिंब बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार को जनहित से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर क्रमबद्ध तरीके से श्वेत-पत्र जारी कर प्रदेश की वास्तविक स्थिति जनता के सामने रखनी चाहिए।
प्रदेश की जनता का विश्वास – पटवारी
पटवारी ने अपने पत्र में कहा कि दतिया उपचुनाव का परिणाम केवल एक विधानसभा सीट का फैसला नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की जनता के उस विश्वास को दर्शाता है, जो जनहित और विकास से जुड़े मुद्दों को राजनीति के केंद्र में देखना चाहता है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने दतिया सहित पूरे मध्य प्रदेश में जिन विषयों को प्रमुखता से उठाया, मतदाताओं ने अपने जनादेश के जरिए उन मुद्दों का समर्थन किया है। उनके अनुसार लोकतंत्र में अंततः जनहित, संवाद और विचार ही सबसे प्रभावी साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि दतिया का जनादेश इस बात का संकेत है कि प्रदेश की जनता अब पारदर्शिता, जवाबदेही और विकास आधारित राजनीति को प्राथमिकता देना चाहती है। लोगों की अपेक्षा केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से नहीं, बल्कि समस्याओं के व्यावहारिक समाधान से है।
दतिया उपचुनाव के परिणाम की बात
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि दतिया उपचुनाव के परिणाम को केवल राजनीतिक हार-जीत के नजरिए से न देखा जाए, बल्कि इसे प्रदेश के भविष्य के लिए एक सकारात्मक अवसर के रूप में लिया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार बिजली एवं पेयजल व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं, किसानों एवं कृषि क्षेत्र की स्थिति, युवाओं के रोजगार, कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, आदिवासी समुदाय से जुड़े मुद्दों तथा दलित एवं पिछड़ा वर्ग की सामाजिक-आर्थिक स्थिति जैसे विषयों पर क्रमवार श्वेत-पत्र जारी करे।
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में थमा मानसून…. 6 अगस्त से फिर तेज बारिश के आसार
प्रदेश की जनता के लाभ का मुद्दा
पीसीसी चीफ ने कहा कि कांग्रेस इन सभी विषयों पर अपने सुझाव, तथ्य और दृष्टिकोण सार्वजनिक रूप से रखने के लिए तैयार है। साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार से भी अपील की कि वह भी तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर अपनी बात जनता के सामने रखे। उनका कहना था कि लोकतंत्र की मजबूती आरोपों से नहीं, बल्कि तथ्यपरक और स्वस्थ संवाद से होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि सरकार श्वेत-पत्र जारी करने की पहल करती है तो प्रदेश की राजनीति आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर जवाबदेही, पारदर्शिता और समाधान आधारित विमर्श की ओर बढ़ेगी, जिसका सीधा लाभ प्रदेश की जनता को मिलेगा।
लोकतांत्रिक संवाद की नई परंपरा का दावा
अपने पत्र के अंत में जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया के जनादेश ने स्पष्ट संकेत दिया है कि जनता अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि जवाबदेही, पारदर्शिता और ठोस परिणाम चाहती है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस दिशा में सकारात्मक पहल करने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे सरकार की जनहित के प्रति गंभीरता का संदेश जाएगा और मध्य प्रदेश में लोकतांत्रिक संवाद की नई परंपरा स्थापित होगी।
Datia Bypoll: दतिया में कांग्रेस ने इन वजहों से पाई सफलता… क्षत्रिय लॉबी ने किया कमाल
