आलीराजपुर/ कुलदीप खराड़ीया/ खबर डिजिटल/ जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने बुधवार को अम्बुआ स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। दरअसल, छात्रावास की अव्यवस्थाओं से क्षुब्ध होकर छात्र अपनी शिकायत दर्ज कराने पैदल ही कलेक्टर कार्यालय की ओर निकल पड़े थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक तुरंत मौके पर पहुंचीं और सड़क पर जा रहे विद्यार्थियों को समझाइश देकर शांत कराया।
छात्रों से सीधा संवाद
विधायक ने हॉस्टल में विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना। छात्र-छात्राओं ने परिसर में व्याप्त अनियमितताओं और बुनियादी सुविधाओं के अभाव की जानकारी दी। विधायक ने तत्काल जिला कलेक्टर नीतू माथुर, एसडीएम तपिश पांडे और सहायक आयुक्त संजय परवाल से फोन पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को दो-टूक शब्दों में निर्देशित किया कि बच्चों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए।
शिक्षा और भविष्य से समझौता नहीं
छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए विधायक ने कहा, आपकी समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी मेरी है। चूंकि परीक्षा का समय निकट है, इसलिए आप अपना पूरा ध्यान पढ़ाई पर लगाएं। प्रशासन आपकी मांगों पर त्वरित कार्रवाई करेगा।
विधायक के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद विद्यार्थी संतुष्ट होकर हॉस्टल लौटे। उन्होंने प्रबंधन को हिदायत दी कि व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति पुन: निर्मित न हो। इस तत्परता से छात्रों एवं अभिभावकों में शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास जगा है।


