रीवा/अरविन्द तिवारी/खबर डिजिटल/ जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मनगवां में परियोजना अधिकारी से हुई लूट का पर्दाफाश कर दिया है। इस वारदात में शामिल चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से लूटी गई नकदी, मोबाइल, दस्तावेज़ों के साथ ब्रेज़ा कार, पिस्टल, दो देशी कट्टे और 16 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। आरोपियों से पुलिस पूछताछ में जुटी है।
24 घंटे के भीतर किया खुलासा
घटना 11 अक्टूबर की रात की है, जब परियोजना अधिकारी दीपक मिश्रा जबलपुर से त्योंथर लौट रहे थे। तभी NH-30 पर ग्राम समान के पास लाल रंग की बिना नंबर की ब्रेज़ा कार में सवार चार बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोक ली। बदमाशों ने हथियार दिखाकर उनसे मोबाइल, नकद, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस लूट लिया। एसपी शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने 24 घंटे के भीतर वारदात का खुलासा करते हुए चारों आरोपियों- नौशाद अहमद, मोहम्मद फैजान, गुलजार उर्फ रिजवान खान और दिलशाद अली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों की भी जानकारी जुटा रही है।
एक आरोपी गाड़ी से उतरकर भागा
वहीं, जब पुलिस आरोपियों को मनगवां से कंट्रोल रूम रीवा ला रही थी, तो ट्रैफिक अधिक होने के कारण एक आरोपी गाड़ी से उतरकर भाग निकला। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे दोबारा पकड़ लिया। अब यह सवाल उठने लगा है कि आरोपी को आखिर बिना हथकड़ी के क्यों लाया जा रहा था — क्या यह चूक थी या लापरवाही? इस पर एसपी बोले- चूक की जांच कर कार्रवाई होगी।


