भोपाल / खबर डिजिटल / 1 नवंबर, मध्यप्रदेश स्थापना दिवस 2025 को लेकर राजधानी भोपाल पूरी तरह सज चुकी है। भोपाल ट्रैफिक पुलिस ने भोपालवासियों के लिए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया है। यदि आप आज इन मार्गों से होकर गुजरने वाले हैं, तो अपना रूट पहले से बदल लें ताकि जाम की समस्या का सामना न करना पड़े।
लाल परेड ग्राउंड में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस MP Sthapna Diwas 2025 के मुख्य कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने आने वाले नागरिकों के लिए यातायात व्यवस्था में अस्थायी परिवर्तन किया गया है।
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान यातायात डायवर्जन प्लान
1 नवंबर को होने वाले स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होने वाले दर्शकों के वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों के लिए डायवर्जन लागू रहेगा। कोर्ट चौराहा से लाल परेड मैदान की ओर जाने वाले वाहन शाम 6:00 बजे से लिंक रोड नं. 1 का उपयोग करते हुए रोशनपुरा – बाणगंगा – पॉलीटेक्निक चौराहा मार्ग से आवागमन कर सकेंगे।
भारत टॉकीज से नए भोपाल की ओर आने वाले वाहन शाम 6:00 बजे के बाद जिंसी चौराहा – मैदा मिल रोड – बोर्ड ऑफिस चौराहा से होकर लिंक रोड नं. 1 या 2 के माध्यम से जा सकेंगे। रोशनपुरा से पुराने भोपाल की ओर जाने वाले वाहन बाणगंगा – पॉलीटेक्निक चौराहा – रेतघाट – मोती मस्जिद – रायल मार्केट मार्ग का उपयोग करेंगे। पुराने भोपाल से कार्यक्रम में आने वाले वाहन रायल मार्केट – मोती मस्जिद – रेतघाट – पॉलीटेक्निक चौराहा – गांधी पार्क होकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकेंगे।

कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग व्यवस्था
अतिविशिष्ट अतिथि (वीवीआईपी) — पासधारी वाहन होमगार्ड कार्यालय के सामने स्थित सत्कार द्वार से प्रवेश कर लाल परेड मैदान में पार्क किए जाएंगे। मीडिया प्रतिनिधि — अपने वाहन रुस्तमजी पुलिस मल्टी पार्किंग में खड़ा करें और शहीद द्वार से प्रवेश करें। साथ ही, अधिकृत आमंत्रण पत्र या परिचय पत्र साथ लाना अनिवार्य है।
व्हीआईपी पासधारी वाहन — अपने वाहन कुशाभाऊ ठाकरे सभागार (मिंटो हॉल), एम.वी.एम. कॉलेज ग्राउंड या एम.एल.ए. रेस्ट हाउस पार्किंग स्थल में पार्क कर शहीद स्मारक गेट से प्रवेश करेंगे।
वल्लभ भवन, एम.पी. नगर तिराहा या कोर्ट तिराहा से आने वाले दर्शक अपने वाहन जेल मुख्यालय (अरेरा हिल्स) अथवा एम.वी.एम. कॉलेज रविंद्र भवन पार्किंग में खड़े कर विजय द्वार से प्रवेश करेंगे।
ट्रैफिक पुलिस की अपील
भोपाल ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे यातायात एवं पार्किंग नियमों का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें। किसी भी असुविधा की स्थिति में नागरिक यातायात नियंत्रण कक्ष से निम्न नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं: 0755-2677340, 2443850, या मोबाइल नंबर 7587602055 पर भी सूचना दें। हम भोपालवासियों को सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था प्रदान करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं।


