सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी— अहिंसा के अग्रदूत भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक के पावन अवसर पर शहर में भव्य एवं श्रद्धामयी वातावरण में महावीर जयंती मनाई गई। आचार्य श्री विद्यासागर युवा मंडल के तत्वाधान में आयोजित इस आयोजन में श्रीजी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।प्रातः महावीर चौक से प्रारंभ हुई यह शोभायात्रा घंटाघर, गर्ग चौराहा, नई बस्ती, हीरागंज, गोलबाजार, मेन रोड, सुभाष चौक, कपड़ा बाजार और जवाहर चौक होते हुए महावीर कीर्ति स्तंभ पर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान शहरभर में जगह-जगह स्वागत किया गया, जिससे पूरा वातावरण धर्ममय हो गया।शोभायात्रा में सबसे आगे धर्मध्वज लिए अश्वारोही चल रहे थे, जिनके पीछे आकर्षक धार्मिक झांकियां, भजन-कीर्तन करते युवा, डांडिया एवं गरबा नृत्य करती महिलाएं और भगवान महावीर के संदेशों की तख्तियां लिए बच्चे शामिल थे। दो पालकियों एवं दो रथों पर सवार श्रीजी की झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।इस अवसर पर दिगंबर जैन सोशल ग्रुप रायल, जैन मिलन संस्था सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। सुभाष चौक पर श्री 1008 चंद्रप्रभ ज्ञानोदय संगीत मंडल द्वारा महाआरती का आयोजन किया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए भोजन वितरण भी किया गया।कार्यक्रम में दिगंबर जैन समाज पंचायत महासभा, नवयुवक मंडल, बालिका मंडल, जिनासा परिवार, अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला मंडल, आचार्य विद्यासागर नवयुवक मंडल, चेतनोदय तीर्थ कमेटी सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाई-बहनों ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया।
पालकी में विराजे महावीर, भव्य शोभायात्रा से गूंजा शहर; जगह-जगह हुआ स्वागत
सम्बंधित ख़बरें


