झाबुआ/नावेद रजा/खबर डिजिटल/नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 6 एवं 7 में लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण कार्य को लेकर वार्डवासियों में भारी नाराजगी है। शनिवार को क्षेत्रीय विधायक विक्रांत भूरिया ने सुभाष चौपाटी चौराहे पर नगर परिषद के सीएमओ से फोन पर चर्चा करते हुए चेतावनी दी कि यदि सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ नहीं किया गया तो जनता के साथ चक्काजाम किया जाएगा।
विधायक भूरिया ने सीएमओ को सड़क निर्माण कार्य छोड़कर भागे ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए। इस पर नगर परिषद के सीएमओ ने फोन पर ही आश्वासन दिया कि जल्द ही नए टेंडर जारी कर सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
विदित हो कि शनिवार को विधायक विक्रांत भूरिया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कैलाश डामोर एवं अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ राणापुर नगर के वार्ड 6 व 7 पहुंचे। उन्होंने स्थानीय रहवासियों से सड़क निर्माण की समस्या को लेकर बातचीत की। रहवासियों ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
इस पर विधायक भूरिया ने तत्काल नगर परिषद के सीएमओ को फोन कर स्थिति की जानकारी ली। सीएमओ ने बताया कि संबंधित ठेकेदार कार्य छोड़कर फरार हो गया है, जिसके कारण अब नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया कर सड़क निर्माण कराया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी वार्डवासी सड़क निर्माण को लेकर सीएमओ और पार्षदों का घेराव कर चुके हैं। शनिवार को विधायक के नगर आगमन की सूचना मिलने पर रहवासियों ने उन्हें भी अपनी समस्या से अवगत कराया।
इस अवसर पर वार्डवासी भोलू कोठारी, विनोद सालेचा, निर्मल कोठारी, देवकुमार पड़ियार, कांग्रेस नेता योगी ठेकेदार, चंदन गहलोत, दरियाव मेड़ा, माधुसिंह सिंगाड़ सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।
इधर, नगर परिषद सीएमओ लक्ष्मीकांत शर्मा ने बताया कि ठेकेदार को अंतिम सूचना पत्र जारी कर दिया गया है। यदि इसके बाद भी कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो विज्ञप्ति जारी कर नया टेंडर कॉल किया जाएगा।


