मुरैना/शुभम कुलश्रेष्ठ/खबर डिजिटल/ जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ के निर्देशन में 15 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक 30 दिवसीय विशेष अभियान चलाकर जिले के शस्त्र लाइसेंसधारियों के आपराधिक रिकॉर्ड की गहन समीक्षा की गई।
CCTNS और ICJS पोर्टल से हुआ रिकॉर्ड का विश्लेषण
इस अभियान के दौरान CCTNS एवं ICJS पोर्टल के माध्यम से जिले के सभी लाइसेंसी शस्त्रधारकों के रिकॉर्ड की जांच की गई। जांच में सामने आया कि कुल 2148 शस्त्र लाइसेंसधारियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
कानून-व्यवस्था पर खतरे को देखते हुए कार्रवाई
पुलिस प्रशासन के अनुसार, आपराधिक रिकॉर्ड वाले शस्त्रधारकों से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगड़ने, गवाहों को डराने, न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने और शस्त्र लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन की आशंका बनी रहती है।
कलेक्टर को भेजे गए निलंबन प्रस्ताव
इन्हीं कारणों के चलते दिसंबर 2025 से 20 जनवरी 2026 के बीच 2148 शस्त्र लाइसेंसधारकों के लाइसेंस निलंबन संबंधी प्रस्ताव पुलिस अधीक्षक द्वारा अनुशंसा सहित कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मुरैना को प्रेषित किए गए हैं।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। भविष्य में गंभीर शिकायतें मिलने या लाइसेंस शर्तों के उल्लंघन पर शस्त्र लाइसेंस निलंबन एवं निरस्तीकरण की सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कदम जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने की दिशा में अहम माना जा रहा है।


