मुरैना/ शुभम कुलश्रेष्ठ/ खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश के मुरैना शहर में बदमाशों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए, जब नगर निगम के मदाखलत अधिकारी फरमान खान पर जानलेवा हमला किया गया। यह हमला उस समय हुआ जब अधिकारी सरकारी वाहन से निरीक्षण कार्य के लिए जा रहे थे।
7 से 8 अज्ञात लोगों ने किया लाठी-डंडों से हमला
जानकारी के मुताबिक, स्टेशन थाना क्षेत्र के सुभाष नगर इलाके में 7 से 8 अज्ञात हमलावरों ने अचानक अधिकारी की गाड़ी को घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में सरकारी वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से नाराज लोगों पर शक
बीते कई दिनों से मुरैना शहर में नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने की लगातार कार्रवाई की जा रही थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी कार्रवाई से नाराज लोगों ने इस हमले को अंजाम दिया है।
अधिकारी को आई गंभीर चोटें
हमले में निगम अधिकारी फरमान खान को चेहरे, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। हालांकि, जान बचाकर वह अपने ड्राइवर के साथ सीधे स्टेशन रोड थाना पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद स्टेशन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।


