भोपाल/परवेज खान/खबर डिजिटल/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को वृद्धजनों और दिव्यांगजनों के कल्याण को समर्पित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर 24 करोड़ रुपये की लागत से बने प्रदेश के पहले सर्वसुविधायुक्त वृद्धाश्रम का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री ने इसे समाज और सरकार के साझा प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
दिव्यांगजनों और वरिष्ठों के लिए विशेष पहल
सीएम ने दिव्यांगजनों के लिए आयोजित स्पर्श मेला के विजेताओं को पुरस्कृत किया तथा वरिष्ठ नागरिकों के खातों में पेंशन राशि अंतरित की। उन्होंने कहा कि आज का दिन बेहद खास है, क्योंकि यह सेवा, सम्मान और संवेदना का प्रतीक है। दिव्यांगजनों को हमारे प्रेम और सहयोग की सबसे अधिक आवश्यकता है।
सनातन संस्कृति से प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की पहचान हजारों वर्षों से सनातन संस्कृति से जुड़ी है, जहां चींटी तक से प्रेम करने की सीख मिलती है। ऐसे संस्कारों में बुजुर्गों का आशीर्वाद सबसे बड़ा संबल है।
विकास में अग्रणी मध्यप्रदेश
सीएम यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में विकास कर रहा है। मध्यप्रदेश देश के तीन सर्वाधिक विकासशील राज्यों में शामिल है। दावोस में भारत का सबसे बड़ा प्रतिनिधिमंडल गया, जिसमें प्रदेश की अहम भागीदारी रही। उन्होंने बताया कि राज्य में देश की सबसे सस्ती बिजली है और कृषि उत्पादन में भी मध्यप्रदेश अग्रणी है।
समाज से भी अपील
मुख्यमंत्री ने समाज से आगे आकर वृद्धाश्रम निर्माण में सहयोग करने की अपील की और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस व वसंत पंचमी की शुभकामनाएं दीं।


