मुरैना/शुभम कुलश्रेष्ठ/खबर डिजिटल/ सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-44 पर स्थित आरटीओ चेक पोस्ट पर उस समय हंगामा मच गया, जब एक ट्रक चालक ने चेक पोस्ट पर तैनात कर्मचारियों पर मारपीट, पथराव और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए।
ट्रक चालक का आरोप
पीड़ित ट्रक चालक का आरोप है कि उससे 200 रुपये की अवैध वसूली की मांग की गई थी। रकम देने से इनकार करने पर चेक पोस्ट पर मौजूद कर्मचारियों और कथित गुंडों ने उसके साथ मारपीट की और ट्रक पर पत्थर बरसाए, जिससे ट्रक के सभी शीशे टूट गए।
नेशनल हाईवे पर लगाया जाम
मारपीट से आक्रोशित ट्रक चालक ने इसके बाद नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। हाईवे जाम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रक चालक अपने शरीर पर लगे चोट के निशान दिखाता नजर आ रहा है। वीडियो में ट्रक के अंदर पड़े पत्थर और टूटे शीशे भी साफ दिखाई दे रहे हैं।
यातायात हुआ प्रभावित
घटना के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। फिलहाल मामले को लेकर जांच की जा रही है। इस घटना ने आरटीओ चेक पोस्ट पर कथित अवैध वसूली और दबंगई को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।


