भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश बीजेपी में कुछ दिन पहले ही बड़ा उलटफेर देखने को मिला था, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की फिर से संघ में वापसी हो गई थी, उन्हें आरएसएस के मध्य क्षेत्र में सह बौद्धिक प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है। तभी से कई नामों के चर्चा के बाद कयास लगाए जाने लगे कि एमपी बीजेपी का अगला संगठन महामंत्री कौन होगा? इसी बीच मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष की सक्रियता देखने को मिली, वे अपने दौरे के दौरान पूर्व संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के साथ नजर आए, तो वहीं प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह चौहान के साथ चर्चा की।
फिलहाल अजय जामवाल के हाथ कमान
हितानंद शर्मा के संघ में जाने के बाद हाल में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ही मध्यप्रदेश के संगठन का काम देख रहे हैं, क्योंकि छत्तीसगढ़ के प्रदेश संगठन महामंत्री का काम पवन साय के हाथ में है, ऐसे में अजय जामवाल का कामकाज थोड़ा कम है, इसीलिये वो आसानी से मध्यप्रदेश पर नजर रख सकते हैं। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि उन्हें ही आगे कंटीन्यू रखा जा सकता है, जोकि हितानंद के जाने के पहले ही कई जिलों का दौरा कर चुके हैं।
मध्यप्रदेश समेत कई राज्यों में नहीं संगठन महामंत्री
बीजेपी के लिए संगठन महामंत्री का पद बेहद ही अहम होता है, लेकिन कुछ समय से मध्यप्रदेश समेत महाराष्ट्र, राजस्थान, कर्नाटक और गोवा जैसे राज्यों में इस पद पर नियुक्ति नहीं हो पाई है। जिसको लेकर कहा जा रहा है कि आने वाले वक्त में सत्ता और संगठन की निगाहें मार्च में होने वाली संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा बैठक पर होगी। हालांकि प्रचारकों की कमी के चलते बीजेपी यथास्थिति रख सकती है, लेकिन कुछ नामों के चर्चा भी चल रही है, जिनमें विमल गुप्ता, मिथिलेश माहेश्वरी, अनिल अग्रवाल, राजमोहन सिंह और भीखू भाई शामिल है।
एमपी बीजेपी को संगठन महामंत्री की सख्त जरुरत
मध्यप्रदेश में बीजेपी में भारी कशमकश दिखाई दे रही है, आला नेताओं के बीच जंग पर्दे के पीछे जारी है, ऐसे में संगठन का डंडा मजबूत करने के लिए एमपी बीजेपी को संगठन महामंत्री की सख्त जरुरत है, हालांकि सबकुछ अब भी अंदरखानों में ही छिपा है कि संगठन महामंत्री के पद पर कौन काबिज होगा, या फिर अजय जामवाल ही पूरी तरह मध्यप्रदेश पर फोकस करने का काम करेंगे।
हेमंत खंडेलवाल ने जिला प्रभारियों की नियु्क्ति कर चौंकाया
बीजेपी में संगठन महामंत्री की नियुक्ति की अटकलों के बीच एक बार फिर प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की तरफ से जिला प्रभारियों की नियुक्ति ने चौंका दिया है, क्योंकि पहले ही संभागीय प्रभारियों की नियुक्ति कर दी गई थी, ऐसे में जिला स्तर तक प्रभारियों को नियुक्ति करना भी कुछ अलग संकेत की तरफ इशारा करता है, जिसके परिणाम शायद प्रदेश संगठन महामंत्री की नियुक्ति में देरी की तरफ ही इशारा कर रहे हैं।


