MP Free Scooty Yojana: भोपाल, 10 सितम्बर 2025। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 11 सितम्बर (गुरुवार) को राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूलों के 7832 टॉपर विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूटी योजना के तहत राशि प्रदान करेंगे।
स्कूटी योजना से विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
मध्यप्रदेश सरकार की ई-स्कूटी/आईसीईएस योजना शैक्षणिक सत्र 2022-23 से लागू है। इसके तहत प्रत्येक शासकीय स्कूल के 12वीं कक्षा के टॉपर विद्यार्थियों को स्कूटी की राशि प्रदान की जाती है।
इस योजना के अंतर्गत टॉपर छात्र-छात्राओं को एक स्कूल में एक टॉपर छात्र और एक टॉपर छात्रा को यह लाभ दिया जाता है। वर्ष 2024-25 के लिए राज्यभर के 7,832 विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिलेगा।
बालिकाओं को मिलेगा सेनिटेशन एवं हाईजीन भत्ता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम के दौरान 20 लाख 37 हजार 439 बालिकाओं को 61 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित करेंगे।
कक्षा 7वीं से 12वीं की सभी शासकीय विद्यालय की बालिकाओं को प्रतिवर्ष 300 रुपये व्यक्तिगत स्वास्थ्य स्वच्छता के लिए दिए जाते हैं।
छात्रावासों में रह रही बालिकाओं को स्टायपंड
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 20,100 बालिकाओं के बैंक खातों में 7 करोड़ रुपये की स्टायपंड राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण करेंगे। यह राशि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय टाईप (IV) योजना के अंतर्गत छात्रावासों में रह रही छात्राओं को मिलती है। प्रति छात्रा को 3400 रुपये प्रतिवर्ष दिए जाते हैं।


