भोपाल। मध्य प्रदेश में सरकार के ढाई साल पूरे होने के साथ ही अब मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री मोहन यादव 17 और 18 मई को सभी मंत्रियों के साथ वन-टू-वन चर्चा करेंगे। इस दौरान विभागीय प्रदर्शन, योजनाओं के क्रियान्वयन और संगठन से तालमेल का आकलन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री निवास पर होगी अहम बैठक
समीक्षा बैठक भोपाल के मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित की जाएगी। बैठक में मंत्रियों से उनके विभागों की उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत जानकारी ली जाएगी। सरकार और संगठन दोनों इस समीक्षा को गंभीरता से ले रहे हैं, क्योंकि इसका सीधा असर राजनीतिक और प्रशासनिक फैसलों पर पड़ सकता है।
संगठन के दिग्गज नेता भी रहेंगे मौजूद
इस समीक्षा प्रक्रिया में भाजपा के कई वरिष्ठ संगठन पदाधिकारी शामिल होंगे। इनमें राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शामिल हैं। सभी नेता 16 मई को भोपाल पहुंचेंगे और मंत्रियों के प्रदर्शन पर अपना फीडबैक देंगे।
करीब 12 बिंदुओं पर होगी समीक्षा
मंत्रियों से विभागीय योजनाओं की प्रगति, जमीनी निगरानी, संगठन के साथ समन्वय, गृह और प्रभार जिलों में कार्यकर्ताओं से संपर्क तथा चुनाव में कमजोर रही सीटों पर किए गए प्रयासों की जानकारी ली जाएगी। यह भी देखा जाएगा कि मंत्री जनता और कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं पर कितना खरे उतरे हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज
सरकार और संगठन की इस संयुक्त कवायद को संभावित मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल से जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल कैबिनेट में चार पद खाली हैं। माना जा रहा है कि समीक्षा के आधार पर कुछ मंत्रियों की जिम्मेदारियों में बदलाव हो सकता है और नए चेहरों को मौका मिल सकता है।
यह खबर भी पढ़िये..
