MP Morning News: राजधानी भोपाल में आज अपराध, राजनीति और मौसम से जुड़ी कई खबरे सामने आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज का शिड्यूल काफी व्यस्त रहने वाला है। वहीं शहर में एक सनसनीखेज घटना ने पुलिस और प्रशासन के होश उड़ा दिए हैं।
हमीदिया से गायब हुई बुजुर्ग महिला
राजधानी के बागसेवनिया इलाके में बीती रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक बुजुर्ग महिला को कार सवारों ने जख्मी हालत में सड़क पर फेंक दिया था। महिला के सीने में स्टेपलर पिन लगे हुए थे और वह खून से लथपथ थी। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। महिला के हाथ पर ‘भगवती’ नाम गुदा है और उसने खुद को सलकनपुर (सीहोर) का निवासी बताया। गंभीर हालत और शोषण की आशंका के बीच महिला हमीदिया अस्पताल से अचानक गायब हो गई है। अस्पताल प्रशासन और पुलिस को नहीं पता कि वह कहां गई, जिससे हड़कंप मचा हुआ है।
मोहन कैबिनेट का फैसला
आज सुबह 11 बजे से मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक शुरू हुई। बैठक में ‘मित्र प्रशिक्षण संस्थान’ की मंजूरी, मंदसौर की कातना सिंचाई परियोजना और चना-मसूर की एमएसपी (MSP) पर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। प्रदेश में गेहूं उपार्जन की तैयारियों की भी समीक्षा की जाएगी।
किसानों के लिए खुशखबरी
मध्य प्रदेश के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। गेहूं उपार्जन के लिए आज से स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रदेश में 10 अप्रैल से गेहूं की खरीदी विधिवत शुरू होगी। 2625 रुपये प्रति क्विंटल (MSP) के साथ 40 रुपये प्रति क्विंटल प्रोत्साहन राशि भी किसानों को दी जाएगी। सरकार ने पहले छोटे किसानों से खरीदी का निर्णय लिया है।
भोपाल में फिर ‘लव जिहाद’
अशोका गार्डन इलाके में पहचान छिपाकर छात्रा के शोषण का मामला गरमा गया है। आसिफ रजा ने ‘आशीष पांडे’ बनकर डेढ़ साल तक छात्रा का शोषण किया। पीड़िता के गर्भवती होने पर धर्म परिवर्तन और गर्भपात का दबाव बनाया गया। FIR दर्ज होने के बावजूद आरोपी आसिफ और उसके दोस्तों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़िता ने पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाए हैं।
मौसम अलर्ट, आंधी-बारिश का दौर
नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने से भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन समेत 34 जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। दोपहर बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल सकता है।
सूचना आयुक्त शपथ
आज शाम 5:30 बजे लोकभवन में दो नए सूचना आयुक्त आलोक नागर और राजेश भट पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। इसके बाद प्रदेश में कुल 6 सूचना आयुक्त हो जाएंगे।
निगम की वसूली
भोपाल नगर निगम NHAI से पाइपलाइन डैमेज करने के एवज में 19.49 लाख रुपये की वसूली करेगा। लापरवाही बरतने वाली फर्म RIPL पर यह जुर्माना लगाया गया है।
TET का विरोध
मध्य प्रदेश शिक्षक संघ ने टीईटी (TET) की अनिवार्यता के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आज प्रदेश भर में मंत्रियों और सांसदों को ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं।


