MP Nigam Mandal : मध्यप्रदेश में लंबे समय से रूकी राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर एक बार फिर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। हाल ही में हुई दो अहम बैठकों के बाद संकेत मिल रहे हैं कि जल्द ही संगठन, निगम-मंडलों और एल्डरमेन पदों पर नियुक्तियां की जा सकती हैं।
दिल्ली-भोपाल बैठकों ने बढ़ाई चर्चा
भाजपा के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। वहीं मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के निवास पर बंद कमरे में चर्चा की। इन बैठकों के बाद राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर कयास और तेज हो गए हैं।
नवरात्रि में मिल सकती है ‘खुशखबरी’
सूत्रों के अनुसार, नवरात्रि के शुभ अवसर पर भाजपा संगठन में बड़े स्तर पर नियुक्तियों का ऐलान किया जा सकता है। इसमें संगठनात्मक पदों के साथ-साथ निगम-मंडलों और एल्डरमेन की नियुक्तियां भी शामिल हो सकती हैं। कई जिलों की कार्यकारिणी पहले ही घोषित हो चुकी है, जबकि प्रदेश कार्यकारिणी का गठन अभी शेष है।
एल्डरमेन से हो सकती है शुरुआत
जानकारी के मुताबिक, नियुक्तियों की प्रक्रिया एल्डरमेन पदों से शुरू हो सकती है। मुख्यमंत्री के लगातार दिल्ली दौरों के बाद इन नियुक्तियों को लेकर उम्मीदें और बढ़ गई हैं।
कई नेताओं के नाम चर्चा में
राजनीतिक गलियारों में कई नेताओं के नाम संभावित दावेदारों के रूप में सामने आ रहे हैं। इनमें रामनिवास रावत, गिरराज दंडोतिया, मुन्नालाल गोयल, सुदर्शन गुप्ता, इमरती देवी, आशीष अग्रवाल सहित अन्य नाम शामिल हैं। हालांकि इन नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
लंबे समय से अटकी हैं नियुक्तियां
आपको बता दें कि प्रदेश में राजनीतिक नियुक्तियां लंबे समय से रूकी हैं, जिससे कार्यकर्ताओं और नेताओं को इंतजार है। अब माना जा रहा है कि जल्द ही संगठन में रिक्त पदों को भरा जाएगा और नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।


