भोपाल / खबर डिजिटल: मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव जब से सत्ता में आए हैं तब से युवाओं के लिए हर दिन सुनहरे अवसर उपलब्ध करा रहे हैं। इस बार 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एक बार मध्य प्रदेश पुलिस पर मेहरबान हो गए। सबसे खुशी की बात यह रही कि इस बार मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने युवाओं को सरकारी नौकरी देने का बड़ा संकेत दिया। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि 3 साल के अंदर मध्य प्रदेश में बंपर पुलिस भर्ती होगी। यही नहीं इसके पहले भी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने स्वास्थ्य विभाग में भी बंपर भर्ती की है।
मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में पुलिस भर्ती बोर्ड बनेगा। 3 वर्षों में पुलिस विभाग के रिक्त सारे पद भरे जाएंगे।VIP प्रोटोकॉल की ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मियों को छठवें वेतनमान के प्रावधान अनुसार जोखिम भत्ता मिलेगा। पुलिस, जेल एवं नगर सुरक्षा के शहीदों की विधवा और बच्चों के लिए स्नातक स्तर की सीटों पर आरक्षण दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारी पुलिस बेहद चुनौतियों के बीच अपना दायित्व निर्वहन करती है। इसलिए इनका कल्याण हमारी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी पुलिस विभाग की भर्ती कर्मचारी चयन मंडल से होती है। इसमें कुछ वक्त लग जाता है। पुलिस को जल्द से जल्द मानव संसाधन उपलब्ध कराने के लिए घोषणा करते हुए कहा कि अब प्रदेश में मप्र पुलिस भर्ती बोर्ड का गठन किया जाएगा। इससे पुलिस भर्तियों में तेजी, पारदर्शिता और परफेक्शन आएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 के लिए स्वीकृत पदों की भर्ती मप्र पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से कर्मचारी चयन मंडल, भोपाल द्वारा की जायेगी। आगामी वर्षों की भर्तियां ‘पुलिस भर्ती बोर्ड’ द्वारा की जायेंगी।


