MP Today News: राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान में आज राजा हिरदेशाह लोधी शौर्य दिवस के बहाने लोधी समाज अपनी एकजुटता दिखा रहा है। 1842 के इस महान क्रांतिकारी को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित कार्यक्रम को एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व सीएम उमा भारती और कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल एक साथ मंच साझा करेंगे। दोपहर 2 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में समाज के प्रदेश अध्यक्ष जालम सिंह पटेल समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं, जिसका मकसद संगठन और सत्ता में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराना है।
MP में UCC की सुगबुगाहट
मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) के अध्ययन और प्रशिक्षण की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। समिति का ढांचा: सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश रंजना प्रसाद देसाई को इस समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कुल 6 सदस्यों वाली इस समिति में पूर्व न्यायाधीशों के साथ-साथ प्रसिद्ध शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को जगह दी गई है।
भोपाल में आज निकलेगा विशाल मशाल जुलूस
भाजपा महिला मोर्चा आज शाम 5 बजे भोपाल की सड़कों पर नारी शक्ति वंदन के समर्थन में मशाल जुलूस निकालेगा। सोमवारा पुलिस चौकी से शुरू होकर यह जुलूस सुभाष चौक और लखेरापुरा तक जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और कई सांसद-मंत्री इस शक्ति प्रदर्शन का हिस्सा बनेंगे।
मोहन कैबिनेट की अहम बैठक
आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक आयोजित होगी, जिसमें कई जनहितैषी प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है। नारी शक्ति वंदन योजना, नई सिंचाई परियोजनाओं की मंजूरी और प्रदेशव्यापी जल संरक्षण अभियान को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए जा सकते हैं।
मौसम का ‘डबल अटैक’
मध्यप्रदेश में मौसम के दो चरम रूप देखने को मिल रहे हैं। खजुराहो में 10 साल का रिकॉर्ड टूट गया है, यहाँ पारा 46 डिग्री के पार पहुँच चुका है। रीवा, सतना और पन्ना में भी भीषण लू का अलर्ट है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर समेत 12 जिलों में आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। अगले 2-3 दिनों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल सकता है।
अन्य प्रमुख खबरे…
विकास हिरवे आत्महत्या मामला : न्याय की मांग को लेकर परिजन सड़क पर उतरे। पत्नी स्नेहा सोलंकी और उसके परिवार पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पुलिस को ज्ञापन सौंपा गया।
अस्लम कुरैशी रिहा: 26 टन गौ मांस मामले में गिरफ्तार असलम उर्फ ‘चमड़ा’ की रासुका (NSA) की कार्रवाई हाईकोर्ट कमेटी ने निरस्त कर दी। सोमवार शाम उसे जेल से रिहा कर दिया गया।
मछली परिवार केस: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के प्रियंक कानूनगो ने भोपाल पुलिस की जांच पर असंतोष जताया। उन्होंने ड्रग्स और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोपों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
कार में आग: कोलार के गेहूँखेड़ा में आपसी रंजिश के चलते एक युवक ने खड़ी कार को आग के हवाले कर दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
5वीं और 8वीं परीक्षा: 5वीं और 8वीं की पुन: परीक्षा 1 से 6 जून तक होगी। फेल या अनुपस्थित छात्र 25 मई तक पोर्टल www.rskmp.in से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
प्रशासनिक विवाद: मंत्री राकेश सिंह और एक आईएएस अफसर के बीच का विवाद अब मुख्य सचिव अनुराग जैन तक पहुँच गया है। सीएस ने मामले की शिकायत आईएएस एसोसिएशन को भेज दी है।
नगर निगम फेरबदल: स्वच्छता सर्वेक्षण से पहले निगम में बड़ा बदलाव हुआ है। अतिक्रमण और स्वास्थ्य विभाग के 15 अधिकारियों के प्रभार बदले गए हैं।
दिग्विजय सिंह की ‘चुटकी’: पूर्व सीएम ने ज्योतिरादित्य सिंधिया की सादगी (जेब में प्याज लेकर चलना) का वीडियो साझा करते हुए तंज कसा कि भाजपा के अन्य नेताओं को भी एसी कार छोड़ देनी चाहिए।
पुलिस कमिश्नर ऑन रोड: सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने खुद पुलिस कमिश्नर सड़कों पर उतरे। हमीदिया रोड पर ट्रैफिक सुधार और अवैध पार्किंग हटाने के सख्त निर्देश दिए।
