Vidisha News: मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सियासी भूचाल आ गया है। रेलवे ट्रैक पर शव मिलने से पहले किसान ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था, जिसमें उसने पूर्व कांग्रेस विधायक शशांक भार्गव पर चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। किसान का दावा था कि उसे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और विदिशा विधायक मुकेश टंडन की हत्या करने के लिए उकसाया जा रहा था।
वीडियो में मौत का खुलासा
ट्रेन से कटने से ठीक पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में किसान ने कहा कि पूर्व विधायक शशांक भार्गव उस पर लगातार दबाव डाल रहे थे। किसान के अनुसार, भार्गव चाहते थे कि वह शिवराज सिंह चौहान और मुकेश टंडन को रास्ते से हटा दे, जिसके बदले उसे बड़ी रकम देने का लालच भी दिया गया था। इस वीडियो के सामने आते ही पुलिस और प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई है।
दबाव में थे पिता
मृतक किसान के बेटे दीपक गुर्जर ने भी इन आरोपों की पुष्टि करते हुए कहा कि उसके पिता लंबे समय से भारी मानसिक तनाव में थे। परिवार के मुताबिक, मृतक किसान पूर्व विधायक की जमीन बटाई पर लेकर खेती करता था। बेटे का आरोप है कि शशांक भार्गव ने जमीन और पैसों के लेनदेन के निपटारे के लिए इन दो बड़े नेताओं को नुकसान पहुंचाने की शर्त रखी थी।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराया है। थाना प्रभारी आशुतोष सिंह के अनुसार मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है। वायरल वीडियो की सत्यता की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गरमाई प्रदेश की सियासत
केंद्रीय मंत्री और स्थानीय विधायक की सुरक्षा से जुड़े इस मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। भाजपा समर्थक इसे एक बड़ी साजिश बता रहे हैं, वहीं प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि क्या यह केवल एक व्यक्तिगत विवाद था या इसके पीछे कोई गहरी राजनीतिक रंजिश है।
