भोपाल। मध्यप्रदेश में 1 जून से शुरू होने वाली तबादला प्रक्रिया को लेकर विभागीय तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार सरकार का फोकस बड़े पैमाने पर स्थानांतरण करने के बजाय की विभागों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने पर रहेगा। जानकारी के मुताबिक मैहर और मऊगंज जैसे नए जिलों में रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा ताकि प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
नए जिलों में पहले होगी पदस्थापना
सूत्रों के अनुसार हाल ही में बने नए जिलों में कई विभागों के पद अब भी खाली हैं। ऐसे में सरकार पहले इन जिलों में अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति और पदस्थापना सुनिश्चित करने की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि A+ श्रेणी के स्थानांतरण पूरे साल किए जा सकेंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित न हो।
स्वास्थ्य विभाग में सबसे ज्यादा खाली पद
प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत संविदा कर्मचारियों के करीब 2 हजार पद खाली बताए जा रहे हैं। इसके अलावा चिकित्सा अधिकारियों और पैरामेडिकल स्टाफ की भी कई सीटें लंबे समय से खाली हैं। सरकार इन पदों को भरने पर विशेष ध्यान दे रही है।
शिक्षा विभाग में भी हजारों पद खाली
स्कूल शिक्षा विभाग में भी बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं। प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में शिक्षकों की कमी लंबे समय से बनी हुई है। विभाग स्तर पर रिक्त पदों का डेटा एकत्रित किया जा रहा है ताकि आगे भर्ती और पदस्थापना की प्रक्रिया को गति दी जा सके।
कई विभागों में स्टाफ की कमी
लोक निर्माण, जल संसाधन, नगरीय विकास सहित कई अन्य विभागों में भी अधिकारियों और कर्मचारियों के पद खाली हैं। सरकार इन विभागों में जरूरत के अनुसार पदस्थापना कर प्रशासनिक कामकाज को सुचारु बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।
बड़े पैमाने पर तबादलों की संभावना कम
सूत्रों के मुताबिक इस वर्ष बड़े स्तर पर तबादलों की संभावना कम दिखाई दे रही है। सरकार पहले रिक्त पदों को भरने और प्रशासनिक संतुलन बनाने पर फोकस कर रही है। जरूरत के आधार पर सीमित संख्या में स्थानांतरण किए जा सकते हैं।
कर्मचारियों को मिलेगा आवेदन का मौका
तबादला प्रतिबंध हटने के बाद कर्मचारी और अधिकारी अपनी पसंदीदा पदस्थापना के लिए आवेदन कर सकेंगे। हालांकि अंतिम निर्णय विभागीय जरूरत, उपलब्ध रिक्त पदों और प्रशासनिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।
ये खबर भी पढ़ें..
