Monday, November 2, 2026
Homeमध्यप्रदेशMP के इस जिले में तबादलों की आंधी! 80 पटवारी, 69 पंचायत...

MP के इस जिले में तबादलों की आंधी! 80 पटवारी, 69 पंचायत सचिव समेत कई अधिकारी बदले गए

मध्य प्रदेश में इन दिनों तबादलों का दौर तेज गति से चल रहा है. शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व और अन्य विभागों के साथ-साथ विदिशा जिले में भी बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं. हाल ही में जारी आदेशों के तहत नगरीय निकायों, राजस्व विभाग, पंचायत विभाग और पुलिस विभाग के कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. कुछ कर्मचारियों का स्थानांतरण जिले के बाहर किया गया है, जबकि कई को जिले के भीतर ही नई जगह पदस्थ किया गया है.

नगरीय निकायों में बदले गए कई अधिकारी

नगरपालिका विदिशा में कार्यरत सहायक वर्ग-3 कर्मचारी शरद श्रीवास्तव और संजय करहीवाले का स्थानांतरण रायसेन नगरपालिका में कर दिया गया है. वहीं गंजबासौदा नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी रवि प्रकाश श्रीवास्तव को इंदौर विकास निगम भेजा गया है. राजस्व विभाग में कार्यरत राजेश कांकर को लटेरी नगरपालिका का नया सीएमओ नियुक्त किया गया है. इसके अलावा मंडीदीप नगर परिषद के सीएमओ को कुरवाई नगर परिषद की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं अनिल बिदुआ को शमशाबाद से स्थानांतरित कर सीहोर जिले की आष्टा नगरपालिका में सीएमओ पद पर पदस्थ किया गया है.

राजस्व और पंचायत विभाग में व्यापक बदलाव

राजस्व विभाग में भी बड़े स्तर पर तबादले किए गए हैं. जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत 80 पटवारियों को नई पदस्थापना दी गई है. इनमें 34 पटवारियों ने स्वेच्छा से स्थानांतरण का अनुरोध किया था, जबकि 46 पटवारियों का प्रशासनिक आवश्यकता के आधार पर तबादला किया गया है. इसके साथ ही 69 पंचायत सचिवों को अलग-अलग जनपद पंचायतों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. कलेक्ट्रेट, तहसील कार्यालयों और जनपद पंचायतों में कार्यरत 19 लिपिकों के भी स्थानांतरण आदेश जारी हुए हैं. इनमें 15 का प्रशासनिक कारणों से और 4 का स्वेच्छा के आधार पर तबादला किया गया है. एक राजस्व निरीक्षक को विदिशा ग्रामीण तहसील से सिरोंज तहसील भेजा गया है.

पुलिस विभाग में भी हुआ बड़ा फेरबदल

पुलिस विभाग में भी अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले किए गए हैं. निरीक्षक बीमेंदु व्यंकट को पुलिस लाइन से लटेरी थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है. उपनिरीक्षक प्रकाश भिलाला को दीपनाखेड़ा थाना प्रभारी पद से हटाकर मुगलसराय भेजा गया है. वहीं के.के. पवार को मुगलसराय से स्थानांतरित कर दीपनाखेड़ा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है.

इसके अलावा सियाराम शर्मा को बासौदा शहर थाना से ग्यारसपुर, प्रतिभा सिंह को पुलिस लाइन से लटेरी, जितेंद्र शर्मा को उनारसीकलां से महिला थाना विदिशा, हरीशचंद्र को सिरोंज से त्योंदा और प्रेम नारायण साहू को त्योंदा से उनारसीकलां भेजा गया है. साथ ही छह प्रधान आरक्षक और चार आरक्षकों के भी विभिन्न थानों में तबादले किए गए हैं. प्रशासन का मानना है कि इन तबादलों से विभागीय कार्यों में गति आएगी और स्थानीय स्तर पर सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा. आने वाले दिनों में अन्य विभागों में भी इसी तरह के बदलाव देखने को मिल सकते हैं.

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट