सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी /रीठी —कटनी जिले की रीठी जनपद पंचायत अंतर्गत एक ग्राम पंचायत में इन दिनों भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। मामला उजागर होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।जानकारी के अनुसार, पंचायत में सरपंच एवं पदस्थ रोजगार सहायक पर मनमानी करने के आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों द्वारा नियमों को दरकिनार कर नीलामी प्रक्रिया को प्रभावित किया जा रहा है। स्थिति यह है कि मार्च माह समाप्त होने के बाद भी साप्ताहिक बाजार की नीलामी प्रक्रिया तीन बार निरस्त हो चुकी है।नीलामी नहीं होने के बावजूद बाजार की वसूली कथित तौर पर कुछ बाहरी व्यक्तियों द्वारा की जा रही है, जिनका पंचायत से कोई आधिकारिक संबंध नहीं बताया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि वसूली का कोई रिकॉर्ड भी नहीं रखा जा रहा है। रविवार को साप्ताहिक बाजार में ऐसे लोगों को वसूली करते देखा गया, जो न तो पंचायत के प्रतिनिधि हैं और न ही कर्मचारी।स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि पूर्व में एक बाहरी ठेकेदार को बाजार की नीलामी दी गई थी, लेकिन उसने अब तक पंचायत में नीलामी राशि जमा नहीं कराई, जिससे पंचायत को आर्थिक नुकसान हुआ है। इसके बावजूद संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि उक्त ठेकेदार, सरपंच और रोजगार सहायक का करीबी है, जिसके चलते नीलामी प्रक्रिया को जानबूझकर लंबित रखा जा रहा है।इस पूरे मामले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने मांग की है कि बाजार नीलामी प्रक्रिया में केवल स्थानीय निवासियों को ही भाग लेने का अवसर दिया जाए और बाहरी व्यक्तियों को बाहर रखा जाए, ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और पंचायत में पारदर्शिता कैसे स्थापित की जाती है।
कटनी से खबर डिजिटल के लिए सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट


