मैहर/अनुराग सिंह/खबर डिजिटल/ चित्रकूट में सोमवार को पीएमश्री पर्यटन हवाई सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जबलपुर से मैहर होते हुए चित्रकूट को हवाई मार्ग से जोड़ने वाली नई पर्यटन सेवा की शुरुआत की गई। उद्घाटन कार्यक्रम में प्रदेश की राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी और सतना सांसद गणेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बड़ा हादसा टला
उद्घाटन समारोह के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। चित्रकूट भाजपा मंडल अध्यक्ष श्रीमती विनीता शिवहरे हेलीकॉप्टर पर चढ़ने के लिए आगे बढ़ रही थीं, तभी उड़ान से पहले हेलीकॉप्टर का फैन तेज़ी से घूम रहा था। जैसे ही वे प्रवेश द्वार पर पहुंचीं, उनकी साड़ी का पल्लू हवा में ऊपर उठ गया। पल्लू फैन की दिशा में जाने लगा, लेकिन तुरंत मौजूद लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए साड़ी को पकड़ लिया। उनकी साड़ी फैन में फंसने से पहले ही नियंत्रित हो गई, जिससे एक संभावित गंभीर दुर्घटना टल गई। उपस्थित लोगों ने राहत की सांस ली और कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।
कनेक्टिविटी हो सकेगी तेज
पर्यटन विभाग के अनुसार, नई हवाई सेवा से क्षेत्र में धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। मैहर के मां शारदा धाम और चित्रकूट के धार्मिक स्थलों तक पहुंच अब अधिक तेज और सुविधाजनक हो सकेगी। अधिकारियों का कहना है कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था, होटल उद्योग और पर्यटन कारोबार को भी गति मिलेगी। जिला कलेक्टर सहित अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर के लैंड करने पर स्वागत किया।
उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ कार्यक्रम
हादसे की संभावना के कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और हवाई पर्यटन सेवा को लेकर स्थानीय लोगों में उत्सुकता देखी गई। डीआरआई के हेलीपैड से पहली बार पर्यटन हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी जिसमें भाजपा नेत्री नगर परिषद चित्रकूट की अध्यक्ष साधना पटेल, पार्षद रविमाला सिंह, मंडल अध्यक्ष विनीता शिवहरे, जनसंपर्क विभाग में कार्यरत समयलाल पांडेय तथा राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के पीएसओ ने यात्रा की।


