मैहर/अनुराग सिंह/खबर डिजिटल/ मैहर जिले मां शारदा धाम परिसर सोमवार को एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बना। PM श्री हेली पर्यटन सेवा का औपचारिक शुभारंभ होते ही पूरे शहर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। पहली ही उड़ान के साथ यह सेवा मैहर जिले के पर्यटन इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बनकर दर्ज हो गई है। नई हेली सेवा का उद्देश्य धार्मिक पर्यटकों और श्रद्धालुओं को तेजी और सुरक्षित माध्यम से प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचाना है। सेवा शुरू होने के साथ ही संस्कारधानी जबलपुर से लेकर भगवान राम की तपोभूमि चित्रकूट तक सीधी हेली कनेक्टिविटी स्थापित हो गई है।
अधिकारियों ने दी जानकारी
अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की संख्या बढ़ने पर उड़ानों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने इसे मैहर के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसका सीधा सकारात्मक असर शहर की अर्थव्यवस्था, व्यापार, होटल उद्योग और रोजगार पर पड़ेगा।
किराया इस प्रकार निर्धारित
मैहर → चित्रकूट (एकतरफा) : ₹2500
मैहर → जबलपुर : ₹5000
जबलपुर → चित्रकूट : ₹7500
अधिकारियों का कहना है कि यह किराया आम श्रद्धालुओं और पर्यटकों को ध्यान में रखकर रखा गया है।
पर्यटन विभाग ने दी जानकारी
पर्यटन विभाग ने बताया कि पहला कॉरिडोर सोमवार और मंगलवार के लिए तैयार किया गया है, जिसमें धार्मिक यात्रियों के लिए जबलपुर, मैहर और चित्रकूट को जोड़ा गया है।
इसके अलावा शुक्रवार, शनिवार और रविवार को जबलपुर–बांधवगढ़–कान्हा–अमरकंटक–जबलपुर रूट पर उड़ानें संचालित की जाएंगी।
कार्यक्रम में ये थे उपस्थित गणमान्य
PM श्री हेली पर्यटन सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में जिले और प्रदेश के कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए, नगरीय प्रशासन राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, मैहर विधायक सांसद गणेश सिंह, मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश सुहाने, नगर परिषद एवं जनपद पंचायत मैहर की अध्यक्ष समेत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक, स्थानीय व्यापारी और अधिकारी मौजूद रहे।


