रीवा/अरविन्द तिवारी/खबर डिजिटल/ जिले की पुलिस अपराध को नियंत्रित करने के साथ लोगों की मुस्कान लौटाने का काम भी कर रही है, धनतेरस के मौके पर इसकी एक और झलक दिख गई, जब लोगों को उनके खोए मोबाइल एक बार फिर मिल गए। अपने गुम हुए मोबाइल पाकर लोगों को चेहरे खिलखिला उठे, क्योंकि आर्थिक क्षति को उठाने के बाद जब उसकी भरपाई हो जाए, और वो भी धनतेरस के मौके पर तो इसे धन्वंतरी की कृपा ही माना जाएगा।
लोगों के चेहरे पर आई मुस्कान
धनतेरस के दिन अमहिया पुलिस ने लंबे समय से लोगों के गुमे हुए फोन देकर उनके चेहरे की मुस्कान लौटा दी, इस दौरान आधा सैकड़ा से भी अधिक गुमे हुए मोबाइल लोगों को बुलाकर उनके सुपुर्द किए गए। लोगों ने भी अपने गुम मोबाइल पाकर पुलिस को धन्यवाद दिया। मोबाइल पाने वालों ने कहा कि उन्होंने उम्मीद ही छोड़ दी थी कि उन्हें मोबाइल फिर से मिल पाएगा, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उनका फोन फिर से दिला दिया।
थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल को फिर सफलता
मामले के संबंध में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल ने बताया कि गुमे हुए फोनों में अधिकांश मोबाइल ऐसे थे, जो लंबे समय से बंद थे, जिन्हें ट्रेस कर पाने में साइबर सेल को भी परेशानी हो रही थी, लेकिन जैसे ही फोन ऑन हुए साइबर सेल ने उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ट्रेस कर लिया। जिसके बाद ट्रेस किए गए लोकेशन के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गुमे हुए फोनों को बरामद किया है, पुलिस द्वारा फोन सुपुर्द किये जाने से लोगों के चेहरे में मुस्कान लौटी है।


