Ramadan Sehri:रमजान के दौरान सेहरी का समय महत्वपूर्ण होता है. अलार्म सुबह बहुत जल्दी बजता है और उस समय ज्यादा भारी खाना बनाना आसान नहीं होता. ऐसे में आज हम आपको अंडा से बनने वाली ऐसी रसिपी बताएंगे, जो कम समय मेंतुरंत बनेगा और पूरे दिन आपको भरा महसूस होगा.प्रोटीन से भरपूर होने के कारण अंडे का नाश्ता पूरे दिन के रोज़े के दौरान शरीर को ताकत देने में मदद करता है.अंडे की खासियत यह है कि इसे कई अलग-अलग तरीकों से बनाया जा सकता है. थोड़ी-सी सब्जियां, ब्रेड या मसाले मिलाकर कुछ ही मिनटों में स्वादिष्ट और पौष्टिक सेहरी तैयार की जा सकती है.
- क्रीमी एग सैंडविच
अगर आप सेहरी में हल्का लेकिन पेट भरने वाला खाना चाहते हैं, तो यह सैंडविच एक अच्छा विकल्प है. उबले हुए अंडों को मैश करके उसमें मेयोनेज़, थोड़ा सा मस्टर्ड, नमक और काली मिर्च मिलाई जाती है. इस मिश्रण को ब्रेड पर लगाकर ऊपर से लेट्यूस या खीरे के स्लाइस रख दें. यह सैंडविच स्वादिष्ट होने के साथ-साथ जल्दी भी तैयार हो जाता है.
- शाकशुका स्टाइल एग्स
यह डिश दिखने में थोड़ी खास लगती है, लेकिन इसे बनाना बहुत आसान है. सबसे पहले कड़ाही में थोड़ा तेल डालकर प्याज और लहसुन को हल्का भून लें. फिर टमाटर की ग्रेवी और मसाले डालकर कुछ देर पकाएं. इसके बाद उसी ग्रेवी में अंडे फोड़कर ढककर पकाएं. इसे ब्रेड के साथ खाया जा सकता है.
- चीज़ी एग टोस्ट
यह रेसिपी खासकर उन लोगों के लिए है जिन्हें जल्दी और टेस्टी नाश्ता चाहिए. ब्रेड के स्लाइस को हल्का बटर लगाकर तवे पर रखें और उसके ऊपर अंडा फोड़ दें. फिर उस पर कद्दूकस किया हुआ चीज़, नमक और काली मिर्च डालें. कुछ मिनट में अंडा पक जाएगा और ऊपर का चीज़ पिघलकर स्वाद बढ़ा देगा.
- एग फ्राइड राइस
अगर घर में बचा हुआ चावल हो, तो यह डिश और भी आसान हो जाती है. एक पैन में थोड़ा तेल डालकर गाजर और मटर जैसी सब्जियां हल्की भून लें. उसी में अंडा डालकर स्क्रैम्बल करें और फिर चावल और सोया सॉस मिलाकर कुछ मिनट तक पकाएं. यह डिश पेट भरने वाली और स्वादिष्ट होती है.
- ब्रेड बाउल में बेक्ड एग
यह एक दिलचस्प और अलग तरह की रेसिपी है. ब्रेड रोल के ऊपर का हिस्सा काटकर अंदर थोड़ी जगह बना लें. उसमें अंडा डालकर ऊपर से चीज़, नमक और काली मिर्च डालें. फिर इसे ओवन में कुछ मिनट के लिए बेक करें. तैयार होने पर यह डिश देखने में भी आकर्षक लगती है और स्वाद में भी बेहतरीन होती है.
- एग और पोटैटो हैश
अगर आपको थोड़ा भरपेट नाश्ता चाहिए तो यह रेसिपी बढ़िया है. छोटे-छोटे कटे आलू को तेल में सुनहरा होने तक तलें. फिर उसमें प्याज डालकर पकाएं और अंत में अंडा फोड़कर पकाएं. ऊपर से नमक, काली मिर्च और चिली फ्लेक्स डालने से इसका स्वाद और बढ़ जाता है.


