Monday, November 2, 2026
Homeमध्यप्रदेशइंदौररतलाम मंडल के विद्युत विभाग के कर्मचारी जीशान अली ने दिखाई तत्परता…...

रतलाम मंडल के विद्युत विभाग के कर्मचारी जीशान अली ने दिखाई तत्परता… समय पर दी गई मदद से यात्री की बची जान

चलती ट्रेन में आया था हार्ट अटैक

रतलाम/खबर डिजिटल/ चलती ट्रेन में अचानक एक यात्री की तबीयत बिगड़ने पर रतलाम मंडल के विद्युत विभाग में कार्यरत कर्मचारी ने तत्काल सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उसकी जान बचा ली। ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्री को अचानक हार्ट अटैक आने के बाद वह अचेत होकर गिर पड़ा और उसकी सांसें रुकने लगीं। ऐसे नाजुक समय में ऑन ड्यूटी कर्मचारी जीशान अली ने बिना देर किए CPR देना शुरू कर दिया। जिसके चलते यात्री की जान बच गई, और लोगों ने उनकी जमकर सराहना की।

तत्काल बीमार को दिया सीपीआर
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 7 अगस्त 2026 को गाड़ी संख्या 14802 में यात्रा कर रहे मनोज वर्मा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वे कोच SE-2 में सवार थे। उन्हें अचानक साइलेंट हार्ट अटैक आया और वे अचेत होकर गिर पड़े। कुछ ही क्षणों में उनकी सांसें भी रुकने लगीं। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात विद्युत विभाग के कर्मचारी जीशान अली तुरंत यात्री की मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने बिना समय गंवाए CPR देना शुरू किया। लगातार और सही तरीके से किए गए CPR के बाद कुछ ही मिनटों में यात्री की सांसें लौटने लगीं और उनकी हालत में सुधार के संकेत दिखाई दिए।इसके बाद अन्य यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों की मदद से यात्री को तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई। समय रहते मिली प्राथमिक सहायता और जीशान अली की तत्परता के चलते यात्री की जान बचाई जा सकी।

यात्रियों ने की कर्मचारी की सराहना
घटना के बाद यात्री मनोज वर्मा और उनके परिजनों ने रेलवे कर्मचारी जीशान अली का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में जीशान ने जिस तेजी से CPR देकर मदद की, उससे उनका जीवन सुरक्षित हो सका।ट्रेन में मौजूद अन्य यात्रियों ने भी रेलवे कर्मचारी के इस साहसिक कदम की सराहना की। घटना ने एक बार फिर यह साबित किया कि आपात स्थिति में समय पर दी गई प्राथमिक चिकित्सा और CPR जैसी जीवनरक्षक तकनीक किसी व्यक्ति की जिंदगी बचाने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

सेवा और संवेदनशीलता का उदाहरण
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा और बेहतर सेवा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। रेलवे कर्मचारी अपने नियमित कार्यों के साथ आपात परिस्थितियों में यात्रियों की सहायता के लिए भी तत्पर रहते हैं। जीशान अली की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता ने न केवल एक यात्री की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, बल्कि रेल सेवा में कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय मूल्यों का भी उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया।

वीडी शर्मा की पीएम मोदी से मुलाकात के मायने… दतिया हार के बाद दिल्ली में बढ़ी एमपी बीजेपी की हलचल

सम्बंधित ख़बरें

लेटेस्ट