त्यौंथर रीवा/खबर डिजिटल/अरविन्द तिवारी/ त्यौंथर तहसील के जनेह थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ी में चल रही अवैध शराब पैकारी को लेकर अब विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। ग्रामीणों की शिकायत के बाद जनपद पंचायत त्योंथर के श्रमिक कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं वार्ड क्रमांक-4 गढ़ी से जनपद सदस्य वेद प्रकाश तिवारी ने कलेक्टर रीवा को शिकायत पत्र सौंपकर अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम गढ़ी स्थित कम्पोजिट मदिरा दुकान के आसपास लंबे समय से अवैध रूप से शराब की पैकारी की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि खुलेआम चल रहे इस कथित कारोबार से गांव का माहौल खराब हो रहा है। शराब की आसान उपलब्धता के कारण युवाओं पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है, वहीं परिवारों में विवाद और सामाजिक अशांति जैसी समस्याएं बढ़ रही है।
जिस तरह से जनपद सदस्य ने अपने पत्र में गांव में लंबे समय से हो रही बिक्री का उल्लेख किया है तो उससे यह सवाल उठाया है कि यदि गांव में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री जारी है तो पुलिस और आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था आखिर कहां है? श्री तिवारी ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यह पता लगाया जाए कि अवैध कारोबार के पीछे कौन लोग जिम्मेदार हैं। श्री तिवारी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अगर समय रहते कार्यवाही नहीं हुई तो आने वाली पीढ़ी पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है।
