सागर/हर्षित पांडेय/खबर डिजिटल/ नगर निगम के कर्मचारियों को बीते तीन माह से वेतन का भुगतान नहीं होने से नाराज कर्मचारियों ने बुधवार को गांधीवादी तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। नगर निगम कर्मचारी संघ के नेतृत्व में कर्मचारियों ने शहर के प्रमुख चौराहों पर हाथों में कटोरा लेकर भीख मांगकर शासन-प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।
तीन माह से वेतन से महरुम
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि नगर निगम के कर्मचारी शहर की स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और विकास कार्यों में लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें तीन माह से वेतन नहीं मिला है। वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों के सामने घर खर्च, बच्चों की पढ़ाई, किराया और इलाज जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
कर्मचारी कई बार कर चुके मांग
कर्मचारियों का आरोप है कि बार-बार ज्ञापन देने और मांग उठाने के बावजूद अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिससे मजबूर होकर उन्हें भीख मांगने जैसा प्रतीकात्मक विरोध करना पड़ा। कर्मचारियों ने कहा कि यह आंदोलन किसी से टकराव के लिए नहीं, बल्कि प्रशासन को कर्मचारियों की बदहाल स्थिति से अवगत कराने के लिए किया जा रहा है। नगर निगम कर्मचारी संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द ही लंबित वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक इस तरह के विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे।


