Monday, November 2, 2026
Homeमध्यप्रदेशमैया अभियान: ग्रीष्मकालीन शिविर में नर्मदा घाट बना पाठशाला

मैया अभियान: ग्रीष्मकालीन शिविर में नर्मदा घाट बना पाठशाला

योग भी, सफाई भी

डिंडोरी/ खबर डिजिटल/ शैलेश नामदेव/ डिंडोरी जिले में रविवार को नर्मदा डैम घाट पर ‘मैया अभियान’ के तहत सफाई और योग का विशेष कार्यक्रम हुआ। इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चे, जिले के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य मकसद बच्चों को स्वच्छता से जोड़ना और नर्मदा नदी की साफ-सफाई के लिए लोगों को जागरूक करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह एरोबिक जुम्बा और योग से शुरू की गई। इसमें बच्चों ने बहुत उत्साह दिखाया। योग शिक्षकों ने बच्चों और उनके माता-पिता को सेहतमंद रहने के लिए रोज योग करने की सलाह दी। बच्चों के साथ उनके माता-पिता भी इस सत्र में शामिल हुए।
योग सत्र के बाद सभी लोग सफाई अभियान में जुट गए। कलेक्टर से लेकर स्कूली बच्चों तक, सभी ने हाथ में झाड़ू उठाकर नर्मदा घाट की सफाई की। घाट के किनारे फैली गंदगी और कचरे को हटाया गया।

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने बताया कि घाट के कुछ हिस्सों पर लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था। इसे जेसीबी मशीन की मदद से हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘मैया अभियान’ को जनता का पूरा साथ मिल रहा है। हमारा प्रयास है कि बच्चे भी नर्मदा मैया की सफाई से जुड़ें और आगे चलकर इसे अपनी जिम्मेदारी समझें।

कलेक्टर ने आगे जानकारी दी कि अतिक्रमण हटाने के बाद घाट पर पेड़ लगाए जाएंगे। साथ ही घाट का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा, जिससे यह जगह और सुंदर और साफ दिखे। आने वाले समय में यहां लोगों के बैठने और घूमने की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। जिला खेल अधिकारी मोहम्मद अहमद खान ने बताया कि जिले में 5 मई से 5 जून तक ग्रीष्मकालीन खेल शिविर चल रहा है।

इस शिविर का मकसद बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास करना है। इस शिविर में बच्चे कई तरह के खेल और योग सीख रहे हैं। खास बात यह है कि बच्चों के साथ उनके माता-पिता भी इसमें भाग ले सकते हैं। रविवार को शिविर की सारी गतिविधियां नर्मदा घाट पर ही रखी गई थीं, ताकि सफाई अभियान से भी बच्चों को जोड़ा जा सके।

इस पूरे अभियान में जिला प्रशासन के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और शहर के स्वयंसेवकों ने मिलकर श्रमदान किया। सभी ने एक साथ मिलकर नर्मदा मैया को साफ रखने का संकल्प लिया।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट