सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी मध्य प्रदेश शासन द्वारा घोषित “कृषक कल्याण वर्ष 2026” के अंतर्गत मत्स्य विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड कटनी की ग्राम पंचायत जरवाही में “मछुआ चौपाल” का आयोजन किया गया, जिसमें मछुआरों को आधुनिक मत्स्य पालन तकनीक और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।कार्यक्रम कलेक्टर आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। चौपाल का उद्देश्य पारंपरिक मछली पालन से आगे बढ़कर आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए मत्स्य पालकों को प्रेरित करना रहा, ताकि उनकी आय और आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके।कार्यक्रम की अध्यक्षता बर्मन मछुआ सहकारी समिति के उपाध्यक्ष मंजा बर्मन ने की। इस दौरान सहायक संचालक मत्स्योद्योग आशीष कुमार नायक ने उन्नत किस्म के मछली बीज चयन और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तरीके अपनाकर मत्स्य उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है।वहीं क्षेत्रीय मत्स्य निरीक्षक देवेन्द्र कुमार चक्रवर्ती ने विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। मत्स्य निरीक्षक प्रियंका पटेल ने तालाब प्रबंधन और मछली बीज संचयन से पूर्व आवश्यक तैयारियों पर विशेष जानकारी साझा की। साथ ही मत्स्य निरीक्षक रूचि प्रजापति ने आधुनिक मत्स्य पालन को आत्मनिर्भरता और आय बढ़ाने का बेहतर माध्यम बताया।ग्राम पंचायत जरवाही में आयोजित इस मछुआ चौपाल में बड़ी संख्या में मत्स्य पालकों और समिति सदस्यों ने भाग लिया।
ग्राम पंचायत जरवाही में मछुआ चौपाल, मछुआरों को दी गई आधुनिक मत्स्य पालन की जानकारी
सम्बंधित ख़बरें
