छपारा (सिवनी) जिला अंतर्गत छपारा क्षेत्र के ग्राम देवतामऊ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहाँ एक घर में अभी शादी की शहनाइयों की गूँज शांत भी नहीं हुई थी कि वहां से अर्थी उठ गई। महज 5 दिन पहले दाम्पत्य जीवन में कदम रखने वाली एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
विदाई के कुछ ही देर बाद बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती का विवाह बीते 22 अप्रैल को संपन्न हुआ था। वैवाहिक रस्मों के बाद 25 अप्रैल को जब वह अपने मायके से विदा होकर ससुराल लौट रही थी, तभी रास्ते में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि सफर के दौरान उसे तेज उल्टियां शुरू हुईं। परिजन उसे लेकर घर पहुँचे, लेकिन घर कदम रखते ही दुल्हन ने दम तोड़ दिया।
जांच में जुटी पुलिस और प्रशासन
अचानक हुई इस मौत से शादी वाले घर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही छपारा पुलिस मौके पर पहुँची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन भी मुस्तैद नजर आया। पोस्टमार्टम तहसीलदार की मौजूदगी में महिला डॉक्टर की टीम द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया है।
जांच का बिंदु
मौत का कारण फूड पॉइजनिंग है, साइलेंट अटैक या कुछ और, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
इस दर्दनाक हादसे के बाद से देवतामऊ गांव और ससुराल पक्ष में मातम पसरा हुआ है। हर कोई इस बात से हैरान है कि चंद घंटों पहले तक जो दुल्हन खुश थी, उसकी अचानक जान कैसे चली गई।
