सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी— रविवार की सुबह कटनी शहर ने स्वच्छता, फिटनेस और जनभागीदारी का ऐसा उत्सव देखा, जिसने “राहगीरी डे” को यादगार बना दिया। महारानी लक्ष्मीबाई वार्ड स्थित फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड के सामने नगर निगम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हजारों शहरवासियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और स्वच्छ सर्वेक्षण को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया।योग, साइकिलिंग, जुंबा, रस्सा खींच, स्केटिंग, पेंटिंग, रंगोली, शतरंज, कैरम और पारंपरिक खेलों से सजी राहगीरी डे की सुबह ऊर्जा और उमंग से भर उठी। तेज संगीत पर थिरकते युवाओं, खेलों में जुटे बच्चों और सक्रिय महिलाओं ने आयोजन को जीवंत बना दिया। खास आकर्षण रही रस्सा खींच प्रतियोगिता, जहां महिला वर्ग ने दमखम दिखाकर बाजी मार ली।महापौर प्रीति संजीव सूरी, निगमायुक्त तपस्या परिहार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरन प्रीत कौर सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, चिकित्सकों, उद्योगपतियों और स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडरों की मौजूदगी ने आयोजन को और गरिमा प्रदान की।कार्यक्रम केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्वच्छता जागरूकता का मजबूत मंच भी बना। नुक्कड़ नाटक, कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध और जल संरक्षण जैसे संदेशों ने लोगों को जिम्मेदारी का अहसास कराया। इको ब्रिक्स और पुराने कपड़ों से बने थैलों के स्टॉल ने ‘वेस्ट टू बेस्ट’ की सीख दी।गीतांजलि कला केंद्र की छत्तीसगढ़ी नृत्य प्रस्तुति, मैजिक शो और कार्टून कैरेक्टर्स ने बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी का मन मोह लिया। सांप-सीढ़ी और पिट्टू जैसे पारंपरिक खेलों ने लोगों को बचपन की यादों में लौटा दिया।विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और स्वच्छता मित्रों को तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया, जो पर्यावरण और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश बनकर उभरा।नगर निगम प्रशासन ने कहा कि ऐसे आयोजन सिर्फ कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वच्छ और स्वस्थ शहर की दिशा में सामूहिक संकल्प हैं। रविवार की यह सुबह कटनी के लिए एक जन-उत्सव बन गई, जिसने साबित कर दिया कि जब शहर जागता है, तो बदलाव भी दिखता है।
राहगीरी डे में उमड़ा जनसैलाब, स्वच्छता-स्वास्थ्य के उत्सव में झूमा कटनी
सम्बंधित ख़बरें
