MP 5 IAS Transfer: केंद्र सरकार ने प्रशासनिक अधिकारियों में बड़ा फेरबदल करते हुए कई मंत्रालयों में संयुक्त सचिव स्तर पर 48 अधिकारियों की नियुक्ति की है। इस फेरबदल की सबसे खास बात यह है कि इसमें मध्य प्रदेश कैडर के 5 IAS अधिकारियों को अहम मंत्रालयों में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। यह नियुक्तियां रक्षा, वित्त और नागरिक उड्डयन जैसे प्रमुख विभागों में की गई हैं।
प्रियंका दास संभालेंगी ‘आसमान’ की कमान
2009 बैच की अधिकारी आईएएस प्रियंका दास को नागरिक उड्डयन मंत्रालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। वे शोभित गुप्ता का स्थान लेंगी। प्रियंका दास का कार्यकाल 5 मार्च 2030 तक रहेगा। उन्हें विमानन क्षेत्र की नीतियों के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी दी गई है।
पी. नरहरि और तेजस्वी नायक को संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी
पी. नरहरि (2001 बैच) मध्य प्रदेश के अनुभवी आईएएस है। उन्हें ग्रामीण विकास मंत्रालय के तहत आने वाले भूमि संसाधन विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है। उनका चयन कुनाल सत्यार्थी के स्थान पर हुआ है और वे अगले 5 साल तक इस पद पर रहेंगे। तेजस्वी नायक (2009 बैच) को श्रम एवं रोजगार मंत्रालय में संयुक्त सचिव पद की अहम जिम्मेदारी मिली है। इनका कार्यकाल 14 दिसंबर 2027 तक तय किया गया है।
LBSNAA में MP के दो गुरु
इसके अलावा देश के भविष्य के आईएएस अधिकारियों को प्रशिक्षित करने वाली संस्था लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी मसूरी में शन्मुगा प्रिया मिश्रा और गणेश शंकर मिश्रा को अकादमी में संयुक्त निदेशक बनाया गया है। ये दोनों अधिकारी देश के नए ट्रेनी अधिकारियों को प्रशासनिक गुर सिखाएंगे। इनका कार्यकाल 26 फरवरी 2029 तक रहेगा।
क्यों अहम हैं ये नियुक्तियां?
दिल्ली के गलियारों में मध्य प्रदेश कैडर के अधिकारियों की लगातार बढ़ती सक्रियता यह संकेत देती है कि केंद्र सरकार को राज्य के प्रशासनिक नेतृत्व पर भरोसा है। इन नियुक्तियों के माध्यम से केंद्र ने रक्षा, पीएमओ और वित्त जैसे संवेदनशील मंत्रालयों के साथ-साथ प्रशिक्षण संस्थानों में भी संतुलन साधने का प्रयास किया है।


