“आपका सारथी कौन” अभियान से ऑटो यात्रा होगी सुरक्षित
QR कोड से यात्री दे सकेंगे चालक का फीडबैक
कटनी – आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं एवं रेल यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कटनी पुलिस द्वारा “आपका सारथी कौन” नामक अभिनव अभियान की शुरुआत की गई है। यह पहल जिले के प्रमुख रेलवे स्टेशनों—कटनी, कटनी मुडवारा एवं कटनी साउथ—पर प्रारंभ की गई है, जिसका उद्देश्य ऑटो रिक्शा यात्राओं को सुरक्षित, भरोसेमंद एवं पारदर्शी बनाना है।
अभियान के तहत जिले के सभी ऑटो रिक्शा चालकों का डाटा संकलित कर उन्हें एक विशिष्ट चालक क्रमांक प्रदान किया गया है, जिसे उनके वाहन क्रमांक से जोड़ा गया है। प्रत्येक ऑटो में QR कोड युक्त स्टीकर लगाया गया है, जिसके माध्यम से यात्री चालक का नाम, मोबाइल नंबर देख सकते हैं और QR कोड स्कैन कर सीधे पुलिस को फीडबैक या शिकायत भेज सकते हैं।
अक्सर यात्रियों को चालक की पहचान न होने के कारण यात्रा के दौरान सामान छूटने या अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान एवं यात्रियों में सुरक्षा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है।
अभियान की प्रमुख विशेषताओं में प्रत्येक ऑटो में चालक की पहचान संबंधी स्टीकर, चालकों के लिए खाकी यूनिफॉर्म एवं यूनिक बैच नंबर शामिल हैं। QR कोड के माध्यम से यदि कोई चालक शराब के नशे में वाहन चलाता है, लापरवाही से ड्राइविंग करता है, अधिक किराया मांगता है या यात्रियों से दुर्व्यवहार करता है, तो उसकी शिकायत सीधे कटनी पुलिस तक पहुंचेगी। जांच के उपरांत संबंधित चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं ईमानदारी, अनुशासन एवं जिम्मेदारी से कार्य करने वाले चालकों को कटनी पुलिस द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया जाएगा। इस अवसर पर चालकों को यातायात नियमों के पालन एवं सुरक्षित ड्राइविंग को लेकर जागरूक किया गया।
कटनी पुलिस की यह पहल यात्रियों के लिए सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करने के साथ-साथ ऑटो चालकों में अनुशासन एवं विश्वास की भावना को सुदृढ़ करेगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संतोष डेहरिया, यातायात प्रभारी राहुल पाण्डेय सहित आरपीएफ एवं जीआरपी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


