उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ मरीज की जान से खिलवाड़ करने के गंभीर मामले में उज्जैन के मक्सी रोड स्थित नवजीवन दवाखाना पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। हाईकोर्ट जबलपुर की इंदौर खंडपीठ के आदेश के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लिनिक को पूरी तरह सील कर दिया।
हाईकोर्ट के आदेश पर हुई सख्त कार्रवाई
यह कार्रवाई रिट पिटीशन नंबर 6526-2024 में दिए गए माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के पालन में की गई। मामला सागर गुप्ता नामक मरीज की इलाज के दौरान हुई मौत से जुड़ा है, जिसमें डॉ. रंजन त्रिवेदी द्वारा गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप प्रमाणित हुए थे।
सीएमएचओ ने गठित की विशेष टीम
न्यायालय के आदेश मिलते ही उज्जैन सीएमएचओ अशोक कुमार पटेल ने तत्काल एक विशेष दल का गठन किया। इसके तहत डॉ. प्रदीप सोमेश और डॉ. विक्रम रघुवंशी अपनी टीम के साथ हरदेनिया कॉम्प्लेक्स पहुंचे।
क्लिनिक सील, दस्तावेज जब्त
टीम ने मौके पर पहुंचकर नवजीवन दवाखाना को सील कर दिया और क्लिनिक से संबंधित दस्तावेजों को अपने कब्जे में लिया। अधिकारियों ने बताया कि सीलिंग की पूरी प्रक्रिया नियमों के तहत की गई है और इसकी रिपोर्ट न्यायालय व वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जा रही है।
निजी क्लीनिकों में मचा हड़कंप
इस बड़ी कार्रवाई के बाद शहर के अन्य निजी क्लिनिक संचालकों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।


