उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ नरवर से तीन किलोमीटर दूर कचनारियां गांव में एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। सरपंच ऋतुराजसिंह झाला एसयूवी लेकर घर से उज्जैन के लिए निकले ही थे कि तभी घर के पास बने गहरे तालाब में उनकी कार जा गिरी, और ग्रामीणों की आंखों के सामने 40 फीट गहरे पानी में एसयूवी डूब गई। कई लोगों ने हादसे का वीडियो भी बनाया, जो दिल दहला देने वाला है।
तेज रफ्तार के कारण हादसा
तेज रफ्तार में तालाब की पाल पर चढ़ी कार अचानक अनियंत्रित हुई और पानी में समा गई। ग्रामीण तैराकों ने मौके पर कूदकर सरपंच को बचाने की कोशिश की, लेकिन गहराई ज्यादा
होने से वे सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलते ही नरवर पुलिस और एसडीइआरएफ की 8 सदस्यीय टीम को बुलाया गया। गोताखोर पंकज मालवीय ने करीब तीन घंटे पानी के भीतर रहकर तलाशी ली, उसके बाद कार का लोकेशन मिला। क्रेन की मदद से जब वाहन को बाहर निकाला गया तो अंदर सरपंच झाला का शव मिला।
हादसे को लेकर क्षेत्र में शोक की लहर
गंभीर हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, क्योंकि अब तक पूरे इलाके में ऐसी घटना नहीं हुई थी, वहीं लोगों ने शोक संतप्त परिवार के दुख सहन करने की कामना की और बताया कि ऋतुराजसिंह झाला एक मिलनसार और सरल छवि के व्यक्ति थे।


