Sidhi Violence: मध्य प्रदेश के सीधी जिले के अमिलिया बाजार में आज बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के जश्न के बीच अचानक हिंसा भड़क गई। रैली शुरू होने से पहले ही भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के बीच उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अमिलिया बाजार को बंद करा दिया गया है।
बोलेरो में तोड़फोड़ और खूनी संघर्ष
मिली जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत एक बोलेरो वाहन में तोड़फोड़ के साथ हुई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट की इस घटना में एक युवक बुरी तरह लहूलुहान हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में रीवा रेफर किया गया है। आरोप है कि उपद्रवियों ने घरों के भीतर घुसकर भी हमला किया। इस पथराव और हमले में एक बुजुर्ग और दो महिलाएं भी घायल हुई हैं।
भारी पुलिस बल तैनात, बाजार बंद
घटना की सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय से भारी पुलिस बल अमिलिया रवाना किया गया। पुलिस ने एहतियातन बाजार को बंद करा दिया है ताकि तनाव और न बढ़े। फिलहाल पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
निगरानी में निकली रैली
तनावपूर्ण माहौल के बावजूद, पुलिस की कड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी में अंबेडकर जयंती की रैली निकाली जा रही है। हालांकि, बाजार और आसपास के गलियों में अब भी सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग डरे हुए हैं। प्रशासन लगातार शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है, लेकिन इलाके में तनाव बरकरार है।


